आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड ने दोबारा दस्तक दे दी है। लखनऊ-प्रयागराज समेत यूपी कई जिलों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। जिसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 12 फरवरी तक ठंड बनी रहेगी और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20-25 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं सर्दी को और बढ़ा सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण यूपी के कई जिलों में मौसम में बदलाव आ रहा है। पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इन जिलों में सुबह और रात के समय कोहरा भी रह सकता है।
वहीं मध्य यूपी जिसमें लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली और हरदोई में अगले 48 घंटों में हल्की बारिश संभव है। साथ ही पूर्वी यूपी जिसमेंवाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, आजमगढ़ और बलिया में दस फरवरी से मौसम में बदलाव होगा, जबकि झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, अयोध्या और सुल्तानपुर में बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना कम है। ठंडी हवाओं से तापमान गिरेगा।
यह भी पढ़ें- फिर करवट लेगा मौसम, बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया UP के इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिन के समय भी तापमान सामान्य से कम रहेगा, जिससे ठंड का असर महसूस होगा। हवा की गति 20-25 किमी/घंटा तक होने से सर्दी ज्यादा महसूस होगी।