मौसम विभाग का अनुमान, UP में आज फिर होगी बारिश, बढ़ेगी ठंड

बढ़ेगी ठंड
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। इसी बीच शुक्रवार को यूपी के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। लखनऊ समेत कई जिलों में छिटपुट बारिश से एकाएक ठंड और बढ़ गई है। फिलहाल मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार रात तक लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में बारिश की आशंका जताई है। इसी के साथ दिन के तापमान में सामान्य से अधिक गिरावट दर्ज होगी और इससे ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा तो कहीं हल्की बारिश होगी।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. दानिश की मानें तो आने वाले दस दिनों तक दिन का अधिकतम तापमान 26°C रहेगा। वहीं, रात में न्यूनतम तापमान 9°C रहेगा। 24 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बादल बनेंगे। केवल बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

वहीं, 24 दिसंबर बाद बदली कम होने लगेगी। बादल की घटा छट जाएगी। हवा चलने की बात करें तो इस दिसंबर में हवा की गति अधिकतम 11 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। सबसे कम रफ्तार तीन किलोमीटर प्रति घंटा से चलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में यूपी के पूर्वी इलाके में कोल्ड डे अत्याधिक होने की संभावना है। छिटपुट बारिश के बाद बढ़ने वाली ठंड की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिक ठंडी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। आइएमडी के मुताबिक 26 और 27 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति संभव है।

यह भी पढ़ें- यूपी में न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड, दिखने लगा शीतलहर का असर

वहीं लखनऊ व अयोध्या में रात में कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। सुबह धूप निकली है। सुबह का तापमान 6°C दर्ज किया गया। शनिवार की सुबह सबसे ठंडी रही। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। 25°C के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह में जिले में और कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

यह भी पढ़ें- सर्द हवाओं के साथ यूपी में बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने लगाया अनुमान