लखनऊ-दिल्ली समेत उत्‍तर के क्षेत्रों में बढ़ी ठंड, इन राज्यों में बारिश से बदलेगा मौसम

आइएमडी का अलर्ट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर भारत का मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिल्ली-लखनऊ समेत यूपी के तमाम जिलों व लेकर उत्तराखंड समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। आइएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है, हालांकि उत्तर भारत के राज्यों में रात के समय नमी के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन देश के कुछ राज्यों में आज भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अब कोहरे की शुरुआत हो चुकी है। पहाड़ों पर बर्फबारी से शीतलहर चल रही है, जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार, 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है। इसके साथ ही अगले दो दिन में सुबह के वक्त आसमान में धुंध बढ़ सकती है, जबकि पूरे दिन आसमान साफ रहेगा। वहीं, प्रदूषण की बात की जाए तो दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब कैटेगरी में है। राष्ट्रीय राजधानी में बीते दिन यानी रविवार को औसम वायु गुणवत्ता सूचकांक 328 रह सकता है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में दिखने लगा ठंड का असर, UP में दो डिग्री गिरा पारा

वहीं यूपी का मौसम भी शुष्क रहने वाला है। राजधानी लखनऊ की बात की जाए तो मौसम में तब्दीली के आसार कम हैं हालांकि आने वाले दिनों में यहां लगातार तापमान में गिरावट हो सकती है। सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। नोएडा की बात करें तो आज यहां का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके साथ ही सुबह के वक्त आसमान में धुंध रह सकती है।

मौमस का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, गोवा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश संभव है और देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में होगी बर्फबारी-बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट