लखनऊ से रवाना हुए अटल जी के 16 अस्थिकलश, यूपी की नदियों में आज और कल होंगी अस्थियां विसर्जित

16 अस्थिकलश
विसर्जन के अस्थिकलश सौंपते सीएम, डिप्टी सीएम व प्रदेश अध्यक्ष।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को लखनऊ की गोमती नदी में प्रवाहित करने के बाद आज अस्थियों को 16 कलशों में रखकर प्रदेश की अन्‍य नदियों में प्रवाहित करने के लिए भाजपा के प्रदेश मुख्‍यालय से रवाना किया गया।

त‍य कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भाजपा के राज्य मुख्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के अस्थि कलशों पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

16 अस्थिकलश

जिसके बाद उन्‍होंने अस्थियों के विसर्जन के लिए कलश मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों को सौंपे। मंत्री व पदाधिकारी अस्थिकलश लेकर प्रदेश के 16 अलग-अलग स्थानों पर जाएंगे और वहां स्थित पवित्र में विधिपूवर्क इन अस्थियों को विसर्जित करेंगे।

यह भी पढ़ें- गोमती में विसर्जित हुई जन-जन के प्रिय अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां

राज्य मुख्यालय के द्वार से डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुनील बंसलजी, अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर, गोविन्द नारायण शुक्ला ने नदियों में विसर्जित करने के लिए जा रहे वाहनों में रखे गए अस्थिकलशों को रवाना किया।

यह भी पढ़ें- अस्थिकलश लेकर पहुंचे गृहमंत्री, लखनऊ में गूंजा अटल जी अमर रहें का नारा

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. चन्द्रमोहन, हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्तव, समीर सिंह, सह मीडिया संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव, सुधाकर सिंह कुशवाहा, अभय प्रताप सिंह, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सह मुख्यालय प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी सहित बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता व आम जनता अटल बिहारी अमर रहे के नारें लगा रही थी।

16 अस्थिकलश

जानें कब कहां होगा भाजपा का कार्यक्रम

अयोध्या में सरयू नदी, कानपुर में बिठूर गंगा नदी व बलरामपुर में राप्ती नदी में अस्थियों का विसर्जन आज होगा। जबकि बाकी अस्थियों का विसर्जन कल यानि 25 अगस्त को विभिन्‍न शहरों की नदियों में किया जाएगा। विसर्जन से पहले अस्थिकलश को जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

इन मंत्रियों और भाजपा के पदाधिकारी को मिली अस्थि विसर्जन की जिम्‍मेदारी-

1- गोरखपुर राप्ती नदी में अस्थि विसर्जन के लिए राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद व प्रदेश मंत्री कामेश्‍वर सिंह को चुना गया है।

2- वाराणसी गंगा नदी में अस्थि विसर्जन हेतु राज्यमंत्री नीलकण्ठ तिवारी व प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य करेंगे।

3- इलाहाबाद संगम नदी में अस्थि विसर्जन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेंद्र सिंह व प्रदेश मंत्री अमर पाल मौर्य करेंगे।

4- अयोध्या सरयू नदी में अस्थि विसर्जन का‍ जिम्‍मा राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव व प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षयवर लाल गौड़ पर है।

5- झांसी बेतवा नदी में अस्थि विसर्जन के लिए कलश राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल को सौंपा गया है।

6- कानपुर बिठूर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन के लिए राज्यमंत्री मोहसिन रजा व प्रदेश मंत्री देवेश कोरी को जिम्‍मेदारी मिली है।

7- वहीं चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह व प्रदेश मंत्री सुब्रत पाठक अटल जी की अस्थियों का विसर्जन करेंगे।

8- गढ़मुक्तेश्‍वर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन हेतु राज्यमंत्री अतुल गर्ग व प्रदेश मंत्री देवेन्द्र सिंह चौधरी करेंगे।

9- इसके अलावा मुरादाबाद रामगंगा नदी में अस्थि विसर्जन का काम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भूपेन्द्र चौधरी व प्रदेश उपाध्यक्ष नबाव सिंह नागर पूरा करेंगे।

10- सोरोकासगंज नदी में अटल जी की अस्थि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा व प्रदेश मंत्री धर्मवीर प्रजापति विसर्जित करेंगे।

11- साथ ही बरेली की रामगंगा नदी में अस्थि विसर्जन राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख व प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा के हाथों होगा।

12- सहारनपुर यमुना नदी में अस्थि विसर्जन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्म सिंह सैनी व प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी करेंगे।

13- आजमगढ़ तमसा नदी में अस्थि विसर्जन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी व प्रदेश मंत्री संजय राय के हाथों होगा।

14- बस्ती जिले की कुआना नदी में अस्थि विसर्जन राज्यमंत्री सुरेश पासी व प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी।

15- मिर्जापुर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन की जिम्‍मेदारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर व प्रदेश मंत्री कौशलेन्द्र पटेल पूरी करेंगे।

16- इसके साथ ही बलरामपुर की राप्ती नदी में अटल जी का अस्थि विसर्जन कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष पदमसेन चौधरी के हाथों होगा।

यह भी पढ़ें- जानें सर्वदलीय सभा में अटल जी को श्रद्धांजलि देकर क्‍या बोले, राज्‍यपाल, गृहमंत्री, योगी, मुलायम सिंह, राजबब्‍बर सहित ये दिग्‍गज