लखनऊ सुपर जायंट्स के नए बॉलिंग कोच बने भरत अरुण ने कहा, टीम में है प्रतिभाशाली व ऊर्जावान खिलाड़ी

बॉलिंग कोच
बॉलिंग कोच भरत अरुण। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के आगामी सत्र के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स प्रबंधन ने
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज व अनुभवी कोच भरत अरुण को अपना नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। भरत अरुण पूर्व में टीम इंडिया के भी बॉलिंग कोच रह चुके हैं। वहां उनकी कोचिंग में भारतीय गेंदबाजी यूनिट ने शानदार प्रदर्शन कर एतिहासिक सफलताएं अर्जित की थीं।

लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से बताया गया है कि टीम के मार्गदर्शक (मेंटर) जहीर खान, मुख्य कोच जस्टिन लैंगर, सहायक कोच लांस क्लूजनर के साथ अब टीम में तेज गेंदबाजी कोच भरत अरुण के आने से एलएसजी की बॉलिंग यूनिट की धार तेज होगी और उम्मीद है कि आने वाले सीजन में टीम नई ऊंचाइयां हासिल करेगी।

इस संबंध में एलएसजी से जुड़ने पर भरत अरुण ने कहा, लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। ये एक ऐसी फ्रैंचाइजी है, जो हर स्तर पर व्यावसायिकता, महत्वाकांक्षा और दूरदर्शिता को दर्शाती है। टीम के मालिक डॉ. संजीव गोयनका और प्रबंधन के साथ मेरी बातचीत अविश्वसनीय रूप से उत्साहवर्धक रही। टीम की युवा भारतीय प्रतिभाओं में निवेश करने और एक दीर्घकालिक विरासत बनाने की स्पष्ट मंशा है।

यह भी पढ़ें- ऋषभ पंत बने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान, संजीव गोयंका ने कही ये बात

साथ ही कहा, टीम में सबसे अधिक उत्साहित करने वाली बात है दीर्घकालिक विकास की दूरदर्शिता। एलएसजी के पास भारतीय युवा तेज गेंदबाजों का प्रतिभाशाली और ऊर्जावान समूह है- आकाशदीप, आवेश खान, मयंक यादव, प्रिंस यादव, मोहसिन खान और आकाश सिंह। इनमें से प्रत्येक में मैं अपार संभावनाएं देखता हूं। मेरा मिशन उन्हें एकजुट, निडर और रणनीतिक तेज गेंदबाजी यूनिट के रूप में ढालने में मदद करना है, जो दुनिया के किसी भी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम को चुनौती दे सके।

यह भी पढ़ें- IPL को मिला नया चैंपियन, फाइनल में पंजाब किंग्‍स को हरा विराट की RCB ने जीता खिताब, खत्‍म हुआ 18 साल का इंतजार