आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में विधान परिषद चुनाव के मतदान के चलते 23 अक्टूबर यानी शुक्रवार को स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालयों में छुट्टी रहेंगी। जिले में नर्सरी से कक्षा 12 तक के स्कूलों के साथ सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट डिग्री कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जिले में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे। इसमें सीबीएसई, आइसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित स्कूल भी शामिल हैं। सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन और लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन के मतदान के कारण 23 अक्टूबर को जिले के सभी राजकीय, अशासकीय और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष अवकाश रहेगा।
यह भी पढ़ें- MLC चुनाव में सपा ने बदले दो प्रत्याशी, कमलेश यादव की जगह संजय त्रिपाठी को दिया मौका
ये अवकाश उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के द्विवार्षिक चुनाव- 2026 के तहत मतदान के कारण घोषित किया गया है। आदेश का हर हाल में पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि लखनऊ में एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी हो गयी हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए 121 मतदान केंद्र और 259 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को नौ जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया है।
