महाराष्ट्र में 63 व हरियाणा में 65 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान

महाराष्ट्र हरियाणा
एक बूथ पर मतदान के लिए जाते मतदाता।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्‍न हो गया है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में सोमवार को लगभग 63 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले बार 2014 के राज्य विधानसभा चुनावों के बराबर ही है। पिछली बार 63.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। इन चुनावों में शहरी के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने अधिक उत्साह दिखाया। मतदान में राजनीति के बड़े सितारों, बॉलीवुड, युवा, बुजुर्ग ने बढ़कर हिस्सा लिया। सुबह मतदान ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक और कतार में खड़े एक मतदाता की बेहोश होने के बाद मौत हो गई। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे के बाद समाप्त हुआ। भारत के इस लोकतंत्र के त्यौहार में राजनीति के बड़े सितारे, बॉलीवुड, युवा और बुजुर्ग ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

वहीं अधिकारियों के अनुसार हरियाणा की 90 सीटों पर 65 फीसदी मतदान हुए। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे खत्म हो गया। अधिकारियों का कहना है कि नूह में हिंसा की एक घठना को छोड़कर मतदान व्यापक तौर पर शांतिपूर्ण रहा। चुनाव आयोग के मुताबिक, जब शाम छह बजे वोटिंग खत्म हुई, तो उस वक्त तक 65 फीसदी पंजीकृत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि दोनों ही राज्‍यों की अंतिम गणना आना अभी बाकी है, अंतिम गणना में मतदान प्रतिशत में कुछ बदलाव हो सकता है।

यह भी पढ़ें- BJP ने जारी किया घोषणा पत्र, म्हारे सपनों का हरियाणा में गरीब, किसान और युवा पर फोकस

हरियाणा में भाजपा की सरकार है। वहीं, महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन सत्ता में है। आज मतदाता मुख्यमंत्री फड़णवीस, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण तथा पृथ्वीराज चह्वाण समेत दोनों राज्यों में कुल 4,406 उम्मीदवारों के भाग्य के फैसले को ईवीएम में कैद किया। हरियाणा में आज सुबह साइकिल से वोट डालने सीएम मनोहर लाल खट्टर पहुंचें थे।

हरियाणा की जहां 90 सीटों पर 1169 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनमेें से 104 महिलाएं हैं, जबकि महाराष्ट्र में 3237 उम्मीदवार मैदान में थे जिनमें 235 महिलाएं हैं।

वहीं आज सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील की। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। बता दें कि हरियाणा में, 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जबकि महाराष्ट्र में नागरिकों के वोट डालने के लिए 96,661 मतदान केंद्र पर लोगों ने मतदान किया।

महाराष्ट्र चुनाव की अहम बातें

-प्रदेश में आठ करोड़ 98 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिसमें चार करोड़ 28 लाख से अधिक महिला एवं चार करोड़ 68 लाख से अधिक पुरूष मतदाता हैं।

-इन मतदाताओं में एक करोड़ छह लाख 76 हजार 13 ऐसे हैं जो 18 से 25 साल आयु वर्ग के बीच हैं ।

-प्रदेश में भाजपा 164 सीटों पर चुनाव लड़ी है, जिसमें छोटे सहयोगी दल भी हैं जो पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल पर चुनाव लड़ेे। सहयोगी शिवसेना ने 124 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।

-दूसरी ओर कांग्रेस ने 147 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जबकि सहयोगी राकांपा ने 121 सीटों पर।

-प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 101 सीटों पर, भाकपा ने 16, माकपा ने आठ, बसपा ने 262 सीटों पर अपने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

-चुनाव मैदान में कुल 1400 निर्दलीय उम्मीदवार भी थे।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्‍टो, किसानों को बिजली फ्री तो महिलाओं को हर महीने मिलेंगे चूल्हा खर्च के दो हजार

2014 के विधानसभा चुनावों में स्थिति

प्रदेश में 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने सबसे अधिक 122 सीटें जीती थी, जबकि शिवसेना के खाते में 63 सीट गयी थी। कांग्रेस और राकांपा ने क्रमश: 42 और 41 सीटों जीत दर्ज की थी। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि राजग गठबंधन प्रदेश में 222 सीटें जीतेगी।

हरियाणा चुनाव की अहम बातें

हरियाणा में भी इस बार चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। सीएम मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर जहां सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगाकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं, वहीं आंतरिक कलह से किसी तरह उबरी कांग्रेस राजनीतिक संजीवनी तलाशने में जुटी रही। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो), जननायक जनता पार्टी और हरियाणा लोकहित पार्टी जैसे दल भी जीत के लिए जोर-आजमाइश किए।

-हरियाणा विधानसभा चुनाव में करीब 1.83 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 83 लाख महिलाएं शामिल हैं।

-अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 13,837 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए गए हैं और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है।

चुनाव में मुद्दे-

-चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जबकि विपक्षी पार्टियों ने बेरोजगारी एवं किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। इस चुनाव में भाजपा ने करीब 75 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य रखा है। निवर्तमान विधानसभा में पार्टी के 48 विधायक है।

यह भी पढ़ें- Video: NCP के कार्यकर्ताओं ने महाराष्‍ट्र के इस मंत्री के आवास के बाहर छोड़े केकेड़े, वजह जानकार होगी हैरानी

दिग्गज नेता और खिलाड़ी की किस्‍मत ईवीएम में कैद

हरियाणा में मुख्‍यमंत्री खट्टर के अलावा पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, रणदीप सुरजेवाला और कैप्‍टन अभिमन्‍यु दिग्‍गज उम्‍मीदवार हैं। इस बार योगेश्‍वर दत्‍त, बबीता फोगाट और संदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी टिकट दिया गया। इन सभी की किस्‍मत आज ईवीएम में कैद हो गयी।

किसने की कितनी रैलियां

हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी ने सात रैलियां कीं। यहां अमित शाह ने पांच जनसभाएं कीं। मुख्यमंत्री खट्‌टर ने 77 जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, दूसरी ओर राहुल ने सिर्फ दो रैलियां कीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने 28 जनसभाएं की और सबसे ज्यादा भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने 120 सभाएं कीं। कांग्रेस ने छोटी-बड़ी 213 जनसभाएं कीं।

हरियाणा में 2923 मतदान केंद्र संवेदनशील

हरियाणा के 2,923 मतदान केंद्रों की पहचान संवेदनशील और 83 की अतिसंवेदनशील के तौर पर की गई है। हरियाणा में 10,309 स्थानों पर कुल 19578 मतदान केंद्र हैं। इनमें 13837 मतदान केंद्रों को ग्रामीण इलाकों में स्थापित कराया गया है। राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल समेत अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें- EC की घोषणा, महाराष्ट्र-हरियाणा में 21 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट, 24 को आएंगे नतीजे