महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू की दस्तक, सौ मुर्गियों की मौत से हड़कंप, मारे जाएंगे 25 हजार पक्षी

बर्ड फ्लू

आरयू वेब टीम। देश में कोरोना वायरस संकट के बीच बर्ड फ्लू ने दस्तक दी है और महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में करीब सौ मुर्गियों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया है। ठाणे के डीएम और कलेक्टर राजेश जे. नार्वेकर ने बताया कि बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए मुर्गियों के नमूने पुणे की एक प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।

ठाणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ भाऊसाहेब डांगडे ने बताया है कि मुर्गियों की मौत एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के कारण हुई थी। साथ ही बताया, ‘अगले कुछ दिनों में प्रभावित पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले करीब 25 हजार पक्षियों को मारा जाएगा। जिला पशुपालन विभाग को संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए उपाय करने का आदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि, मरे बत्तख और कौवों में मिला वायरस, मुर्गा मंडी बंद, हेल्पलाइन नंबर जारी

डॉ. भाऊसाहेब डांगडे ने कहा कि जिले का पशुपालन विभाग अन्य पक्षियों में संक्रमण को फैलने से रोकने के उपाय करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मत्स्य पालन और पशुपालन मंत्रालय को यहां बर्ड फ्लू के मामलों के बारे में सूचित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बर्ड फ्लू की आशंका पर लखनऊ जू ने शुरू किये सैनिटाइजेशन सहित ये उपाय