दिल्ली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि, मरे बत्तख और कौवों में मिला वायरस, मुर्गा मंडी बंद, हेल्पलाइन नंबर जारी

दिल्ली में बर्ड फ्लू
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। दिल्ली के पशुपालन विभाग के अनुसार यहां मारे गए कौवों और बत्तखों के आठ नमूनों के परीक्षण के बाद एवियन फ्लू (एच5एन1) की पुष्टि की गई है। सारे सैंपल्स पॉजिटिव पाए गए हैं। जिससे इस बात की पुष्टि हो गई है कि दिल्ली में भी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है।

बर्ड फ्लू को देखते हुए संजय झील इलाके को अलर्ट जोन घोषित कर दिया गया है। इतना ही नहीं गाजीपुर मुर्गा मंडी को भी दस दिन के लिए बंद करने का आदेश दिया गया। साथ ही बर्फ फ्लू को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि ”वायरस के खतरे को देखते हुए दिल्ली में हर जिले में डीएम की निगरानी में सर्विलांस टीम बना दी गई हैं, जो पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं। पशुओं के डॉक्टर लगातार सर्वे कर रहे हैं। संजय झील, भलस्वा लेक, पोल्ट्री मार्केट और हौज खास जैसी जगहों पर टीम का फोकस है।’ इसके अलावा हमने बर्ड फ्लू के लिए एक इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर-23890318 भी जारी किया है।

यह भी पढ़ें- संजय झील में बत्‍तख तो रोहिणी सेक्‍टर के पार्क में मरे मिले कौवें, बर्ड फ्लू की आशंका

बता दें कि रविवार को लाल किले में 14 कौवे मरे मिले थे। वहीं संजय झील में 4 बत्तखें मरी मिली हैं। सोमवार को भी संजय झील में 10 बत्तखें भी मरी मिली थीं। इसके अलावा शनिवार को मयूर विहार फेज-3 के सेंट्रल पार्क में भी आठ से 10 कौवे मरे मिले हैं।

एनिमल हसबेंडरी डिपार्टमेंट के अनुसार रविवार को लाल किले में 14 कौवे मरे मिले। इनकी सैंपलिंग करवा ली गई है। वहीं, संजय लेक में लगातार तीसरे दिन भी बत्तखों की मौत का सिलसिला जारी रहा। चार बत्तखें यहां रविवार को भी मरी पाईं गईं। इनकी भी सैंपलिंग हो गई है। इसके अलावा कहीं से बड़ी संख्या में पक्षियों के मरने की सूचना नहीं मिली है। एक या दो पक्षी के मरे होने की बहुत भी कॉल आई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बताया कि बर्ड फ्लू के प्रकोप के मद्देनजर दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर प्रतिबंध लगाया गया है। बर्ड फ्लू प्रकोप के मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में बीते कई दिनों से हो रही पक्षियों की मौत के बाद बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए दिल्ली सरकार ने पूर्वी दिल्ली स्थित गाजीपुर मुर्गा मंडी को अगले 10 दिन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया है।

यह भी पढ़ें- बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद कानपुर Zoo अनिश्चितकाल तक बंद, सभी पक्षियों को मारने के आदेश, मांस बिक्री पर भी प्रतिबंध