बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद कानपुर Zoo अनिश्चितकाल तक बंद, सभी पक्षियों को मारने के आदेश, मांस बिक्री पर भी प्रतिबंध

कानपुर चिड़ियाघर

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/कानपुरर। कानपुर चिड़ियाघर में चार दिन पहले मृत पाई गई जंगली मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद अब प्रशासन हाई अलर्ट पर है। चिड़ियाघर के सभी बाड़ों में मौजूद पक्षियों को रविवार शाम तक मारने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही चिड़ियाघर से एक किलोमीटर तक के एरिया को कन्टेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया हैं।

इतना ही नहीं दस किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया है। वहीं बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद 15 दिनों के लिए चिड़ियाघर को बंद किया गया था, लेकिन अब अनिश्चितकाल के लिए जू को बंद किया गया है। किसी को भी चिड़ियाघर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। फिलहाल चिड़ियाघर में स्वास्थ विभाग की टीम पक्षियों को मारने की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- बर्ड फ्लू की आशंका पर लखनऊ जू ने शुरू किये सैनिटाइजेशन सहित ये उपाय

जानकारी के मुताबिक पहले मुर्गियों और तोतों को मारा जाएगा। उसके बाद बत्तख व अन्य पक्षियों को मारने की तैयारी है। चिड़ियाघर के अधिकारियों के मुताबिक यह दुखद है, लेकिन प्रोटोकॉल के तहत यह करना ही होगा। आज शाम तक सभी पक्षियों को मारने के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि चार दिन पहले कानपुर चिड़ियाघर में चार जंगली मुर्गियों और चार हीरामन तोतों की मौत हो गई थी। यह सभी पिंजरे में बंद पक्षी थे। इन्हीं में से मृत मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सोनभद्र, बाराबंकी, अयोध्या और झांसी में कौवे मृत पाए गए थे। इनका सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- संजय झील में बत्‍तख तो रोहिणी सेक्‍टर के पार्क में मरे मिले कौवें, बर्ड फ्लू की आशंका