संजय झील में बत्‍तख तो रोहिणी सेक्‍टर के पार्क में मरे मिले कौवें, बर्ड फ्लू की आशंका

बर्ड फ्लू
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। कोरोना महामारी के बीच नई मुसीबत बनकर उभरे बर्ड फ्लू ने लोगों की चिंता को और बढ़ा दिया है। शनिवार को दिल्ली में संजय झील में बत्तखों और रोहिणी सेक्टर-15 के एक पार्क में कुछ कौवें मरे पाए गए हैं। इसमें बर्ड फ्लू की आशंका जाताई जा रही। रैपिड रिस्पांस टीम ने इन जगहों से सैंपल कलेक्‍ट कर लैब भेजा। एक अधिकारी ने कहा कि झील को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक संजय झील में दस बत्तखें मरी हुई मिली थीं। इनमें से दो बत्तखों के सैंपल जांच के लिये लैब में भेजे गए। रोहिणी पार्क से भी सैंपल कलेक्शन का काम किया गया। दिल्ली में अब तक आधिकारिक तौर पर बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं की गई है, अधिकारियों को रिपोर्ट का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- बर्ड फ्लू को लेकर यूपी में हाई अलर्ट, CM योगी ने दिए अधिकारियों को निर्देश, एडवाइजरी भी जारी

पशुपालन विभाग के डॉक्टर राकेश सिंह ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि  ‘हमें संजय झील में दस बत्तक मृत मिले हैं, जिनके नमूनों को जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिया गया है।’ दिल्ली में बीते कुछ दिनों में 35 कौवों समेत कम से कम 50 पक्षी मर चुके हैं, जिससे बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ गया है।

डॉक्‍टर राकेश ने इससे पहले कहा था, ‘हमें द्वारका, मयूर विहार फेस-3 और हस्तसाल विलेज में कौवों के मरने की खबर मिली थी, हालांकि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि उनके मरने का कारण बर्ड फ्लू था या कुछ और।’ उन्होंने कहा कि पहली जांच रिपोर्ट सोमवार को आ जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार का फैसला, ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों को कराना होगा कोरोना टेस्ट