BSM का हिस्‍सा बनेंगे चंद्रशेखर, राजभर से मुलाकात कर की UP विधानसभा चुनाव पर चर्चा

बीएसएम
ओपी रजभर से मुलाकात करते चंद्रशेखर।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारियों में जुटीं हैं। वहीं यूपी में तैयार हो रहे नए गठबंधन की बात की जाए तो भागीदारी संकल्प मोर्चा (बीएसएम) का कुनबा बढ़ रहा है। शनिवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने पर सहमति जताई है।

लखनऊ के एक होटल में आज सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की। दोनों नेताओं की तकरीबन एक घंटे तक हुई मुलाकात में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर चर्चा हुई तथा आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने पर सहमति जताई है।

जिसके बाद ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि भागीदारी संकल्प मोर्चा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। मोर्चा विधानसभा के आगामी चुनाव एक सशक्त विकल्प बने, इसके लिए प्रयास किया जा रहा। वहीं राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्‍यम से फोटो ट्वीट कर कहा कि आज लखनऊ में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीम आर्मी चीफ से शिष्टाचार मुलाकात की और आगामी 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर उनसे चर्चा की ।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव कि तैयारी के लिए लखनऊ पहुंचे ओवैसी ने की ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात

उल्लेखनीय है कि बीएसएम में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा , सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अपना दल कमरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी (पी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति, राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू रामपाल, जनता क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान, भारत माता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामसागर बिंद और भारतीय वंचित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम करण कश्यप शामिल हैं।

बता दें कि इससे पहले एआइएमआइएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले दिनों मोर्चा में शामिल होने की घोषणा की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव से कई बार मुलाकात हुई है, जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव के भी मोर्चा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं।

यह भी पढ़ें- जगह-जगह हो रहा भ्रष्‍टाचार, लूट-हत्‍या भी रोक पाने में योगी सरकार पूरी तरह फेल: ओपी राजभर