अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, भाजपा के कुशासन के चलते अपराधियों को मिल गई खुली छूट

गलत आर्थिक नीतियों

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रदेश में कानून-व्‍यवस्‍था को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा के कुशासन के चलते अपराधियों को खुली छूट मिली है। मुख्यमंत्री जी की कागजी सख्ती और बड़बोलापन लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है, जबकि महिलाओं, बच्चियों से छेड़खानी, दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। महिलाओं की सुरक्षा पर असंवेदनशील और असफल भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दुराचार प्रदेश बन गया है।

यह भी पढ़ें- गैंगवार में पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख को बदमाशों ने गोमतीनगर में किया छलनी, गोली लगने से साथी समेत दो अन्‍य भी घायल

वहीं यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने विभूतिखण्ड में हुई गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सरेआम राजधानी में भी गोलियां चल रही हैं। लूट, अपहरण की घटनाएं रोज ही होती है। ठाकुरगंज लखनऊ में प्रापर्टी डीलर की हत्या हुई, अपराध नियंत्रण मुख्यमंत्री के वश में नहीं। मुख्यमंत्री जाने किस आधार पर कहते हैं कि अपराधियों ने प्रदेश छोड़ दिया, जबकि अपराधियों ने नहीं, अपराध नियंत्रण के लिए जिम्मेदार अफसरों ने ही अपना दायित्व निभाना छोड़ दिया है। दहशत के इस माहौल में भी मुख्यमंत्री जी ‘ठोक दो’ और ‘राम नाम सत्य कर’ दो का जाप अलाप रहे हैं।

रेप के बाद हत्‍या कर फेंक दी गई लाश

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में युवती की रेप के बाद हत्या कर लाश फेंक दी गई। इटावा में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता को पीट-पीटकर कर मार डाला गया। गाजीपुर में पुलिस की पिटाई से युवक की मौत हुई। बदायूं में महिला के साथ दरिंदगी की तो हद हो गई। आजमगढ़ की युवती का जौनपुर में गैंगरेप कर वीडियों वायरल करने का शर्मनाक मामला हुआ है।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में जहरीली शराब पीने से पांच की मौत, 15 भर्ती, इंस्‍पेक्‍टर समेत तीन निलंबित

जानलेवा शराब का धंधा भी सत्‍ता संरक्षित

पूर्व सीएम ने जहरीली शराब कांड का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता संरक्षित जानलेवा शराब का धंधा भी खूब चल रहा है। बुलन्दशहर के जीतगढ़ी में जहरीली शराब पीकर कई लोगों की जाने गई, गत तीन वर्षों में दर्जनों जिलों में शराब पीकर मरने वालों की गिनती बढ़ती गई है। पुलिस की लापरवाही ने कितने ही परिवारों को बेसहारा कर दिया है।

…बढ़ते अपराध से विश्व में कुख्यात हो गया यूपी

सपा मुखिया ने ये भी कहा कि इन दिनों अपराध की दुनिया में साइबर ठगी का भी जोर चल रहा है। बैंक या बीमा अधिकारी बनकर फोन पर लोगों से निजी जानकारी हासिल कर उनके खातों से लाखों रूपए उड़ाने के मामले अब आए दिन थानों में दर्ज हो रहे। ज्यादातर मामलों में न अपराधी पकड़ में आते है न हड़पी गई रकम वसूल हो पाती है। भाजपा राज में बढ़ते अपराधों से उत्तर प्रदेश विश्व में कुख्यात हो गया है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। जनता का भरोसा भी भाजपा सरकार से टूट गया है। आशा की जाती है कि अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करते हुए महामहिम राज्यपाल महोदया प्रदेश में बढ़ते अपराधों का संज्ञान अवश्य लेंगी।

यह भी पढ़ें- कोरोना वैक्‍सीन के ड्राई रन पर अखिलेश का तंज, नकली अभ्‍यास में खुल गयी योगी सरकार की सच्‍चाई