मालवाहक की टैंकर से टक्कर में पांच महिलाओं समेत आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल

आंध्र प्रदेश
हादसे में गाड़ी के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिला के मंत्रालयम क्षेत्र में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। 16 यात्रियों को लेकर जा रहे मालवाहक वाहन की एक टैंकर से टक्कर में पांच महिलाओं समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। यह हादसा चिलकलदोना के पास उस समय हुआ जब श्रद्धालु राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को एम्मिगनूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग- 167 पर भोर में उस समय हुआ, जब चालक गलत दिशा में गाड़ी चला रहा था, जो सामने से आ रहे टैंकर जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, जिससे टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री उसमें फंस गए। हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

येम्मिगनूर की पुलिस उपाधीक्षक एन भार्गवी ने बताया कि आठ श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे की मुख्य वजह क्या रही। इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में पांच महिलाएं, एक नाबालिग लड़की और दो पुरुष शामिल हैं। सभी श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

यह भी पढ़ें- जौनपुर: भीषण सड़क हादसों में महाकुंभ के आठ श्रद्धालुओं की मौत, 40 से ज्‍यादा घायल