खत्म हुआ त्रिपुरा में सस्पेंस, माणिक साहा ही होंगे मुख्यमंत्री

माणिक साहा

आरयू वेब टीम। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी में शुरु हुआ मंथन अब खत्म हो गया है। माणिक साहा को फिर से त्रिपुरा का मुख्यमंत्री चुना गया है। सोमवार को भाजपा के विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया। ये माणिक साहा का सीएम के रूप में लगातार दूसरा कार्यकाल होगा।

भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि उसके सहयोगी दल इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आइपीएफटी) ने एक सीट पर जीत दर्ज की। दरअसल राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 16 फरवरी को हुआ था और नतीजों की घोषणा गुरुवार को की गई थी।

यह भी पढ़ें- नागालैंड में हेकानी जखालु ने बनाया रिकॉर्ड, विधानसभा चुनाव जीतने वाली पहली महिला बनी

चुनाव के नतीजों के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्यपाल को अपनी सरकार का इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बीजेपी में मंथन शुरू हो गया था। वहीं रविवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के नाम पर भी विमर्श किया गया था, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व साहा के पक्ष में रहा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री भौमिक ने धनपुर विधानसभा सीट से आसान जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें- त्रिपुरा-मेघालय व नगालैंड में फिर भाजपा की सरकार, जानिए तीनों राज्यों के चुनावी नतीजे