मनोहर लाल खट्टर से मिले कैप्टन अमरिंदर ने कहा, थोड़ा इंतजार करिए, हम बनाएंगे सरकार

आरयू वेब टीम। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अमरिंदर सिंह ने मीडियाकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सदस्‍यता अभियान काफी अच्‍छा चल रहा है। थोड़ा इंतजार करिए। हम (अपने सहयोगियों के साथ) सरकार बनाएंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री खट्टर के साथ मुलाकात को शिष्‍टाचार मुलाकात का नाम दिया है। दरअसल, गांधी परिवार के वफादारों में से एक अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और बाद में कांग्रेस भी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने खुद की पार्टी का ऐलान किया। जिसे ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ के नाम से जाना जाता है।

यह भी पढें- पंजाब लोक कांग्रेस होगा कैप्टन अमरिंदर की नई राजनीतिक पा‍र्टी का नाम

कांग्रेस से अलग होने के बाद अमरिंदर सिंह लगातार गठबंधन कर चुनाव में उतरने की बात कर रहे हैं। इतना ही नहीं कृषि कानूनों की वापसी के बाद अमरिंदर सिंह भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर भी उत्सुकता दिखाई है। अमरिंदर सिंह की मनोहरलाल खट्टर के साथ मुलाकात गठबंधन की दिशा पर उठाया गया पहला कदम है। हालांकि दिल्ली दौरे के समय उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बंद कमरे में मुलाकात की थी। जिसके कई राजनीतिक मायने निकाले गए थे।

यह भी पढें- कैप्टन अमरिंद का ऐलान पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर लड़ेगे चुनाव, राजनीतिक पार्टी करेंगे शुरू