आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। होली के दिन ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे साफ हो गया कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा और धूप तेज रहने की वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। अभी प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं, लेकिन गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।
गुरुवार पांच मार्च को मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। दिन में तेज धूप निकलने से अब लोगों को चुभन भरी गर्मी महसूस होने लगी है, हालांकि छह मार्च के बाद इन तेज हवाओं का सिलसिला भी थम जाएगा और मौसम पूरी तरह स्थिर व शुष्क बना रहेगा। विभाग के अनुसार दस मार्च तक प्रदेश में ऐसे ही मौसम के बने रहने के संकेत हैं
वहीं राजधानी की बात करें तो लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ है और दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज हो रही है। यहां आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे रात में भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है।
इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 2 से चार डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा है, जबकि झांसी, आगरा, हमीरपुर और वाराणसी जैसे जिलों में भी तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे ये इलाके भी गर्मी के लिहाज से टॉप पर बने हुए हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है। अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। सात और आठ मार्च के आसपास तापमान 35 से 36 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिलेगा। अगर यही रफ्तार बनी रही तो मार्च के दूसरे सप्ताह तक तापमान 36 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा होगा।
यह भी पढ़ें- UP में फिर प्रकोप दिखाएगी गर्मी, तापमान में होगी और बढ़ोत्तरी




















