मायावती के साथ यूपी का हर एक ब्राह्मण होने तक नहीं रुकेंगे: सतीश चंद्र

मायावती के साथ ब्राह्मण
गोष्ठी में सतीश चंद्र मिश्र का स्वागत करते बीएसपी के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। ब्राह्मणों को बसपा से जोड़ने के लिए आयोजित की गयी प्रबुद्ध वर्ग गोष्‍ठी में बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने बसपा को ब्राह्मणों का सच्‍चा हितैषी बताया है। शनिवार को नोएडा में आयोजित 26वीं गोष्‍ठी को संबोधित करते हुए सतीश चंद्र ने कहा कि वह खुद भी तब तक नहीं रुकेंगे जब तक उत्‍तर प्रदेश का हर एक ब्राह्मण मायावती के साथ नहीं हो जाता है।

भाजपा-सपा का असली चेहरा लाना चाहते है जनता के सामने 

वहीं राजनीतिक दलों को निशाने पर लेते हुए बसपा नेता ने कहा कि हम भाजपा और सपा का असली चेहरा प्रदेश की जनता के सामने लाना चाहते है। 2003 में जब सपा की सरकार भाजपा और कांग्रेस ने मिलाकर बनवाई थी। उस समय पूरे प्रदेश और नोएडा में दहशत का माहौल था। नोएडा में महिलाएं, व्यापारी और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे, आए दिन नोएडा में महिलाओं के उत्पीड़न, डकैती, हत्याएं और रंगदारी की खबरें अखबार और चैनलों पर प्रकाशित व प्रसारित होती थी।

यह भी पढ़ें- BSP से निष्‍कासित होने के बाद बोले लालजी वर्मा, बहन जी से मिलकर करुंगा गलतफहमी दूर, खुद को बताया बसपा का वफादार

सपा पर हमला जारी रखते हुए सतीश चंद्र ने कहा कि यूपी में जब सपा सरकार का गुंडराज चरम सीमा पर था और जनता त्रस्त हो चुकी थी] तब जनता ने बहन मायावती पर भरोसा किया और 2007 में बसपा की सरकार बनी और बहन जी जनता के भरोसे पर खरी उतरी।

विदेशी करने लगे नोएडा की सुंदरता की नकल

सीएम रहते हुए मायावती की कार्यप्रणाली की बात करते हुए  बसपा नेता ने कहा कि बहन जी ने पुरे प्रदेश के साथ-साथ नोएडा की पुलिसिंग और कानून-व्यवस्थाओं को मजबूती से संभाला। नोएडा को इतना विकसित कर दिया की विदेशी नोएडा की सुंदरता की नकल करने लगे। नोएडा में तमाम तरह के उद्योग मायावती सरकार में लगे, देश व प्रदेश के बड़े व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी देकर बहन जी ने नोएडा में बेखौफ होकर व्यापार करने के लिए आमंत्रित किया।