मायावती का योगी सरकार पर तंज, ‘सिपाही भर्ती का ऐसा प्रचार, जैसे कोई बात हो नई’

मायावती
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हाल ही में प्रदेश में संपन्न हुई 60,244 पुलिस सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया पर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इसे जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है, जैसे कोई नई बात हो। ये प्रचार वास्तविकता से परे और जनता को भ्रमित करने वाला है।

मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो पोस्ट करते हुए योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। अपने पहले पोस्ट में मायावती ने तंज कसते हुए कहा यूपी में अभी हाल ही में हुई सिपाही भर्ती को लेकर ऐसा प्रचारित किया गया जैसे यह कोई नई बात हो, जबकि पुलिस में ऐसी भर्ती रूटीन कार्य है, ताकि बैकलाग की बुराई पुलिस विभाग में भी न आए। किन्तु इस भर्ती में सर्वसमाज को सही हक मिला या नहीं व उनकी ट्रेनिंग का क्या? यही आम चिन्ता।

यह भी पढ़ें- UP में ठीक नहीं चल रहा कानून का राज, नए DGP के सामने बड़ी चुनौतियां: मायावती

अपने दूसरे पोस्ट में मायावती ने अपनी सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा बहुजन समाज पार्टी की मेरी सरकार के समय उत्तर प्रदेश में ‘कानून द्वारा कानून का राज’ स्थापित करने के उद्देश्य से एकमुश्त 1.20 लाख नए पदों का सृजन कर पुलिस बल को सशक्त और पारदर्शी तरीके से भर्ती की गई थी। इसका प्रत्यक्ष लाभ समाज के हर वर्ग को मिला, क्योंकि शांति व्यवस्था में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। आज वही पारदर्शिता और निष्पक्षता की सबसे अधिक कमी महसूस की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने उठाएं EVM पर सवाल, कहा बैलेट पेपर से आएंगे BSP के अच्‍छे दिन, चंद्रशेखर पर भी साधा निशाना