मोदी सरकार के बजट में अर्थव्‍यवस्‍था को पांच ट्रिलियन की प्रतिबद्धता, योगी सरकार का बजट भी एतिहासिक: अरुण सिंह

अरुण सिंह
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते अरुण सिंह साथ में बीजेपी के अन्यय नेता।

आरयू ब्‍यरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह बुधवार को लखनऊ पहुंचें थे। आज उन्‍होंने बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर एक प्रेसवार्ता कर मोदी व योगी सरकार के बजट को जनहित में बताया। उन्‍होंने जहां मोदी सरकार के बजट में देश की  अर्थव्‍यवस्‍था को पांच ट्रिलियन करने की प्रतिबद्धता होने की बात कही। वहीं योगी सरकार के बजट को भी एतिहासिक बताया।

केंद्र सरकार के बजट को लेकर महामंत्री ने दावा किया कि बजट में न्यू इण्डिया की संकल्पना के साथ मेक इन इण्डिया, डिजिटल इण्डिया व स्किल इण्डिया का भी ध्यान रखा गया है। अब तक देश में 37 करोड़ लोंगों के बैंक खाते खोले जा चुके है। जिनमें सात लाख करोड़ रूपये डीवीटी के माध्यम से पहुंचाए गए है, जिससे एक लाख करोड़ की लीकेज को रोका गया है।

वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक दो करोड़ मकान बन चुके हैं। इसके साथ ही सभी गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के साथ बजट में प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें- आम बजट 2020-21: सरकार खराब होने वाली वस्‍तुओं के लिए चलाएगी किसान रेल

इसके अलावा अब आम लोंगो तक सस्ती दवाई पहुंचाने के उद्देश्य से और अधिक जनऔषधि केंद्र खोले जाएगें। साथ ही 50 करोड़ लोंगो को आयुष्मान भारत योजना से फायदा पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के बजट में 69 हजार करोड़ की व्यवस्था की गई है।

अरुण सिंह ने आगे कहा कि बजट में किसान की आय दो गुनी करने की भी प्रतिबद्धता है। 20 लाख किसानों को सोलर पंप देने की व्यवस्था की गई है। किसानों को सब्जी व फूल जैसे फसलों को बडे़ बाजारों में पहुंचाने के लिए किसान रेल चलाई जाएगी जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने पेश किया अब तक का सबसे बड़ा बजट, जानें किसे क्‍या मिला

उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार के बारे में बात करते हुए बीजेपी के महामंत्री ने कहा कि योगी सरकार का पांच लाख 12 हजार करोड़ का बजट ऐतिहासिक बजट है। जो गरीब, किसान, आदिवासी, दलित, शोषित, वंचितों के कल्याण के लिए है। साथ ही उन्‍होंने यूपी के हालात पर कहा कि, योगी सरकार को उत्तर प्रदेश की चाक-चौबंद कानून-व्यवस्था के लिए बधाई।