जनता कर्फ्यू के बीच छत्तीसगढ़ में 17 जवान शहीद, नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान हुए थे लापता

सुकमा
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। देश भर में छाए कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए रविवार को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्रवाहन पर देश में जनता कर्फ्यू का माहौल था। वहीं दूसरी ओर इस बीच छत्‍तीसगढ़ से आयी एक खबर ने देशवासियों को गमगीन कर दिया। दरअसल मेें छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में लापता 17 जवानों के शव रविवार को बरामद कर लिए गये हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि सुरक्षाबल ने 17 जवानों के शवों को बरामद कर जंगल से बाहर निकाला गया। जवान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए हैं।

सुंदरराज ने बताया कि शनिवार को सुकमा जिले के एलमागुड़ा में नक्सली गतिविधियों की सूचना के बाद चिंतागुफा, बुरकपाल और तिमेलवाड़ा से डीआरजी, एसटीएफ और सीआपीएफ के कोबरा बटालियन के छह सौ जवानों को रवाना किया गया था। जब सुरक्षाबल मिनपा गांव के जंगल में थे तब लगभग 250 की संख्या में नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना में 14 जवान घायल हो गए थे।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को किया ढेर, दो जवान घायल

लगभग ढाई घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान 17 जवान लापता हो गए थे। बाद में सुरक्षाबलों ने लापता जवानों की खोज में सर्च ऑपरेशन चलाया था। जिसके बाद आज लापता जवानों के शव बरामद कर लिये गये।

इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने इस घटना में 14 जवानों के घायल होने और 13 जवानों के लापता होने की सूचना दी थी। मुठभेड़ में घायल जवानों को रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद से 16 हथियार भी गायब है, जिसमें एके 47 और अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर जैसे हथियार शामिल हैं।

वहीं रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में घायल जवानों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। जिन्‍हें देखने आज सुबह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डीजीपी डीएम अवस्थी अस्पताल पहुंचे। घायल जवानों से मुलाकात कर हालचाल जाना और मुठभेड़ कैसे हुई, क्या हुआ इसकी भी जानकारी ली। सीएम ने जवानों को भरोसा जताया कि उनके इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इस दिशा में सीएम भूपेश बघेल ने अस्पताल प्रबंधन से भी बात की।

यह भी पढ़ें- भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या हुई 341, मुंबई-पटना में दो की मौत, मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ा