सुकमा के CRPF कैंप में जवान ने अपने साथियों पर बरसाई गोलियां, चार की मौत, तीन घायल

केंद्रीय रिजर्व पुलिसबल
घायलों को इलाज के लिए ले जाते जवान।

आरयू वेब टीम। छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिसबल (सीआरपीएफ) के शिविर में ​जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज बताया कि सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सुकमा के लिंगमपल्ली कैंप में ये वारदात हुई। गोली चलाने की वजह साफ नहीं हो पाई है।

सुंदरराज ने स्थानीय मीडिया को बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना सुकमा के मराईगुडा थाना क्षेत्र में आने वाले सीआरपीएफ कैंप में हुई।

यह भी पढ़ें- जम्‍मू-कश्‍मीर में सेना के जवान और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत, छह घायल

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। घटना में धनजी, राजीब मंडल, राजमणि कुमार यादव और धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य जवान धनंजय कुमार सिंह, धरमात्मा कुमार और मलय रंजन महाराणा घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- बड़ी खबर: रायपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में हुआ ब्‍लास्‍ट, CRPF के छह जवान घायल