नए राज्यपाल आरएन रवि को CM ममता ने बताया ‘भाजपा कार्यकर्ता’, बोस पर दबाव बनाए जाने का लगाया आरोप

ममता बनर्जी

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य के नए राज्यपाल आर. एन. रवि भाजपा के कार्यकर्ता हैं। साथ ही दावा किया कि सीवी. आनंद बोस का लोकभवन से अचानक चले जाना केंद्र के दबाव का नतीजा था, जो उन पर बनाया जा रहा था।

एसआइआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने के खिलाफ जारी अपने धरने के दौरान समर्थकों को संबोधित करते हुए सीएम ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले लोकभवन को एक राजनीतिक चौकी में बदलने की कोशिश कर रही है। साथ ही कहा कि ‘‘क्या आपने देखा कि सीवी. आनंद बोस को कैसे हटाया गया? मुझे सब पता है। उन्हें धमकाया गया था वे लोकभवन से पैसे बांटना चाहते हैं। वे लोकभवन को भाजपा का पार्टी कार्यालय बनाना चाहते हैं, लेकिन दिल्ली की हर मनमानी को हर कोई स्वीकार नहीं करेगा।’’

वहीं टीएमसी प्रमुख ने तमिलनाडु में आर. एन. रवि के कार्यकाल पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि राज्यपाल को उच्चतम न्यायालय की ‘कई टिप्पणियों’ का सामना करना पड़ा था। ‘‘जो व्यक्ति अब पश्चिम बंगाल आ रहा है, मैंने सुना है कि उसे उच्चतम न्यायालय से कई टिप्पणियां सुननी पड़ी थीं। वह भाजपा का कार्यकर्ता है, लेकिन याद रखिए, पश्चिम बंगाल एक अलग जगह है। आप तमिलनाडु में जो करना चाहते थे कर चुके होंगे, लेकिन यहां ऐसा नहीं कर पाएंगे।’’

भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और राज्यपालों को उनका कार्यकाल पूरा नहीं करने दे रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल रहे और बाद में उपराष्ट्रपति बने जगदीप धनखड़ के संदर्भ में कहा, ‘‘केंद्र किसी को भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दे रहा। आपने यही काम जगदीप धनखड़ के साथ भी किया।’’

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को तुगलकी आयोग बता, मतदाता सूचियों में हेरफेर का लगाया आरोप

ममता ने कहा कि केंद्र में सत्ता में बैठे लोग ‘‘मोहम्मद बिन तुगलक से भी बदतर’’ तरीके से व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप हमें धमकाने की कोशिश करेंगे, तो हम सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र में भाजपा सरकार गिर जाए।’’ ममता की ये टिप्पणी ऐसे समय आई है जब दो दिन पहले सी वी आनंद बोस के अचानक इस्तीफे से राज्य में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

यह भी पढ़ें- CM उमर अब्दुल्ला ने ममता बनर्जी के बंगला‘ नाम बदलने के प्रस्ताव को दिया समर्थन