ओपी राजभर का ऐलान, BJP को UP की सत्‍ता से हटाने के लिए कांग्रेस-सपा व BSP के मजबूत प्रत्‍याशियों का करेंगे समर्थन

ओपी राजभर

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा को उत्‍तर प्रदेश की सत्‍ता से हटाना उनकी सर्वोच्‍च प्रा‍थमिकता है। इसके लिए वह जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के मजबूत उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा करते हैं।

भाजपा के पूर्व मंत्री राजभर ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उनका ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में केवल उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जिस पर उसके उम्मीदवार जीत की स्थिति में होंगे। सुभासपा की पहल पर प्रदेश के कई क्षेत्रीय दलों ने साथ मिलकर ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ बनाया था।

उन्होंने कहा कि अन्य सीटों पर मोर्चा भाजपा को शिकस्त देने के लिए सपा, बसपा व कांग्रेस के मजबूत उम्मीदवारों का समर्थन करेगा। क्या यह रुख आगामी विधानसभा चुनाव में भी रहेगा? इस पर राजभर ने कहा कि मोर्चा सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ेगा। विधानसभा चुनाव के लिए सपा, बसपा व कांग्रेस से गठबंधन का विकल्प खुला हुआ है।

यह भी पढ़ें- कानून-व्‍यवस्‍था को लेकर ओपी राजभर का सीएम योगी पर हमला, ब्‍यूरोक्रेट्स चला रहें सरकार, डिप्‍टी CM व कैबिनेट पर भरोसा नहीं

योगी सरकार पर हमला करते हुए राजभर ने कहा,‘‘भाजपा सरकार की विदाई का समय अब आ गया है। मंहगाई व अन्य मसलों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में द्वंद की खबरें फैला रही है।’’

यह भी पढ़ें- जगह-जगह हो रहा भ्रष्‍टाचार, लूट-हत्‍या भी रोक पाने में योगी सरकार पूरी तरह फेल: ओपी राजभर