लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्‍त के बाद अब ओपी राजभर ने भंग की सुभासपा की कार्यकारिणी

ओपी राजभर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव में हार के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर शनिवार को अपनी पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया। सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने एक पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।

अरविंद राजभर ने बताया कि उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमांचल (प्रदेश, मंडल, जिला, विधानसभा, ब्लॉक) की मुख्य इकाई के साथ सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। वहीं रजभर के एक्शन पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद अब पार्टी का फोकस आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर है।

बताया जा रहा है कि अब नई ऊर्जा के साथ नए संगठन का गठन किया जाएगा। गौरतलब है कि अभी हाल में लोकसभा चुनाव में सुभासपा ने सिर्फ एक सीट पर चुनाव लड़ा और वह भी हार गई। घोसी लोकसभा सीट से राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने चुनाव लड़ा, लेकिन सपा के राजीव राय ने उन्हें भी हरा दिया। उसके बाद पार्टी ने हार की समीक्षा शुरू की है। उसी क्रम में पार्टी की सभी इकाई को भंग करने का निर्णय लिया गया है।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर के विवादित बोल, अजय राय को बताया फिल्‍म ;शोले का कालिया

पार्टी के नेताओं का कहना है कि प्रदेश से लेकर जिला और विधानसभा तक की सभी कार्यकारिणी भंग करने के बाद नई ऊर्जा के साथ नए संगठन का गठन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी को नए सिरे से खड़ा किया जायेगा।

यह भी पढ़े- ओपी राजभर ने कहा, कांग्रेस-सपा ने भरी मुसलमानों के दिमाग में नफरत, आनी चाहिए अक्ल