आरयू वेब टीम। भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में पाकिस्तान ने जम्मू-श्रीनगर से लेकर पठानकोट और पोखरण तक ड्रोन और मिसाइल हमलों का प्रयास किया, लेकिन भारतीय सेना ने ये हमले विफल कर दिए। शुक्रवार रात भी पाकिस्तान ने भारत के अस्पतालों और स्कूलों जैसे नागरिक केंद्रों समेत 26 शहरों को निशाना बनाया, जिनमें से अधिकांश हमलों को भारतीय सुरक्षाबलों ने प्रभावी ढंग से नाकाम किया।
भारतीय सेना की प्रेस ब्रीफिंग के दौरान शनिवार को कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। पाकिस्तान ने अस्पतालों और स्कूलों जैसे नागरिक केंद्रों को भी अपने हमलों का निशाना बनाया है। कर्नल कुरैशी ने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने नागरिक विमानों का उपयोग कर हवाई क्षेत्र का दुरुपयोग किया और नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलीबारी की कोशिश की। उन्होंने इसे एक गैर-पेशेवर और निंदनीय हरकत बताया, जिसमें श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर के वायुसेना ठिकानों के निकट मौजूद नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
उन्होंने आगे बताया कि पाकिस्तान लगातार पश्चिमी सीमाओं पर हमले कर रहा है और उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियारों, लड़ाकू विमानों और अन्य हथियारों के माध्यम से सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि भारतीय सेना ने अधिकतर खतरों को विफल कर दिया, फिर भी पाकिस्तान ने 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ का प्रयास किया। उधमपुर, भुज, पठानकोट और बठिंडा में भारतीय सैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पंजाब के वायुसेना अड्डे को लक्षित करते हुए रात करीब 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का उपयोग भी किया गया।
इस बीच, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की इन कार्रवाइयों को भड़काऊ बताया और कहा कि भारत ने संयम और संतुलन के साथ प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि आज सुबह पाकिस्तान की ओर से राजौरी में की गई गोलीबारी में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई, जिससे आम नागरिकों की जान-माल का नुकसान भी हुआ है।
इस दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने जानकारी दी कि भारतीय सेना ने सटीक और सुनियोजित प्रतिक्रिया के तहत केवल सैन्य लक्ष्यों को ही निशाना बनाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे फर्जी दावों—जैसे भारतीय एस-400 प्रणाली या भारतीय एयरबेस को नष्ट करना पूर्ण रूप से असत्य हैं और भारत उन्हें सिरे से खारिज करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना के अग्रिम मोर्चों की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं, जो उनकी आक्रामक मंशा को दर्शाता है। भारतीय सेना पूरी तरह से सतर्क और उच्च स्तर की तैयारियों के साथ हर संभावित खतरे का प्रभावी ढंग से सामना कर रही है। साथ ही, भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है, बशर्ते पाकिस्तान भी ऐसा ही रुख अपनाए।