गोसाईंगंज की पटाखा फैक्ट्री में ब्‍लास्‍ट से 20 फीट ऊंची उड़ी टीन शेड, कारीगर घायल

पटाखा फैक्ट्री
विस्फोट से ढहा कारखाना।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में पटाखा कारखाने में सोमवार को हुए धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। इस विस्फोट से कारखाने का टीन शेड करीब 20 फीट ऊंचा उड़ गया और दीवारें गिर गईं। इस दौरान पटाखा बना रहा कारीगर दीवार में दब गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के जौखंडी गांव में खेत में कारखाने में पटाखे बनाए जा रहे थे। तभी तेज धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। आवाज सुनकर लोग पटाखा कारखाने की तरफ दौड़े। लोगों ने गांव के ही कारीगर सलमान को कारखाने के मलबे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में दबा पड़ा देखा। उसे किसी तरह निकालकर अस्पताल भेजा। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि कारखाना घायल के चचेरे भाई निसार के नाम पर था।

बताया जा रहा है कि जौखंडी गांव का रहने वाला निसार गांव के बाहर पटाखा बनाने का कारखाना चलाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार दोपहर 12:30 बजे निसार का भाई सलमान पटाखा बना रहा था। इसी बीच विस्फोट हो गया। विस्फोट होने पर कारखाने में रखे पटाखे और बारूद में विस्फोट होने लगे। साथ ही टीन शेड करीब 20 फीट ऊंचा उड़ गया। धमाके की गूंज सुन गांव वाले घटनास्थल पर पहुंचे। गांववालों ने देखा सलमान कारखाने के मलबे में दबा था। किसी तरह से उसे निकाला। हादसे में सलमान का एक पैर टूट गया। उसे अस्पताल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से उड़े मजदूरों के चिथड़े, 17 की मौत, कई घायल

सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने आग को बुझाया। इंस्पेक्टर गोसाईंगंज ब्रजेश त्रिपाठी के मुताबिक, घायल सलमान का इलाज चल रहा है। पटाखा कारखाना सलमान के चचेरे भाई निसार का था। उनके पास लाइसेंस था। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मी पढ़ें- बड़ी खबर: अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाकों के साथ लगी भीषण आग, सात की मौत, सैकड़ों घायल