आतिशी ने PM मोदी को लिखा पत्र, ‘21 जून तक दिल्लीवालों को पानी नहीं मिला तो शुरू करूंगी सत्याग्रह’

दिल्‍ली में पानी
दिल्‍ली में पानी की कमी से परेशान जनता।

आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल संकट लगातार लोगों की मुश्किल बढ़ाए हुए हैं। इसे मुद्दा बनाकर सियासी पारा भी हाई है। दरअसल बीते कई दिनों से दिल्ली में पानी का स्तर गिर रहा और लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी की मंत्री आतिशी ने बुधवार को कहा कि अगर दिल्ली को 21 जून तक पानी का उचित हिस्सा नहीं मिलता है तो वह ‘सत्याग्रह’ करने को मजबूर होंगी।

आतिशी ने एक प्रेसवार्ता में कहा, “आज मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि दिल्ली में 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। मैंने अनुरोध किया है कि वह जल्द से जल्द पानी उपलब्ध कराने में मदद करें। अगर 21 तारीख तक दिल्ली के लोगों को उनका वाजिब हिस्सा नहीं मिलेगा तो मैं सत्याग्रह करने को मजबूर हो जाऊंगी।”

आप नेता ने बीजेपी पर घिनौनी राजनीत करने का आरोप लगाते हुए आज यह भी कहा कि भीषण गर्मी के कारण दिल्ली में पानी की समस्या भी बढ़ गई है। आज दिल्लीवासियों को अधिक पानी की जरूरत है। दिल्ली में पानी की कुल आपूर्ति 1050 एमजीडी है, जिसमें से 613 एमजीडी पानी हरियाणा से आता है, लेकिन हरियाणा पूरा पानी नहीं दे रहा है।”

आप की मंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा की ओर से छोड़े जाने वाले पानी की कमी के कारण दिल्ली में 28 लाख लोगों को कम पानी मिल रहा है। आतिशी ने कहा, “हरियाणा ने कल दिल्ली को केवल 513 एमजीडी पानी दिया। इसके कारण आज दिल्ली में 100 एमजीडी पानी की कमी है। इसके कारण लगभग 28 लाख लोगों को कम पानी मिल रहा है। दिल्ली के लोग परेशान हैं। हमने सब कुछ कर लिया है। इस समस्या के समाधान के लिए हमने हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात की है, लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली को उसके हिस्से का पानी नहीं दे रही है।”

यह भी पढ़ें- दिल्ली के हिस्से का पानी रोक रहा हरियाणा: आतिशी

इससे पहले 18 जून को, राष्ट्रीय राजधानी में पानी की गंभीर कमी को दूर करने के लिए, हरियाणा सरकार के प्रधान सचिव (जल संसाधन) के साथ दिल्ली सरकार के अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुलाया गया था। दिल्ली सरकार ने हरियाणा सरकार से दिल्ली के लिए अतिरिक्त पानी जारी करने का अनुरोध किया।

यह बैठक मंगलवार को चंडीगढ़ में हुई। जल संकट के खिलाफ भाजपा तीन दिनों से राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी पानी की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते दिखे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली जलसंकट पर सुप्रीम कोर्ट का हिमाचल प्रदेश को आदेश, यमुना में तुरंत छोड़ें 137 क्यूसेक पानी