अब केंद्र ने प्रधानमंत्री मोदी पर बनी BBC की डॉक्युमेंट्री को शेयर करने वाले टवीट्स ब्लॉक करने का दिया आदेश

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री

आरयू वेब टीम। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना वाली बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री शेयर करने वाले ट्वीट ब्लॉक करने का आदेश दिया है। बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री के यूट्यूब के लिंक जिन ट्वीट के जरिए शेयर किए गए हैं उनको भी ब्लॉक कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।

सूत्रों के अनुसार सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने आदेश दिया है कि, बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड के यूट्यूब पर शेयर किए गए सभी वीडियो को ब्लॉक किया जाए। ट्विटर को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री “इंडिया: द मोदी क्वेश्चन” के यूट्यूब वीडियो के लिंक वाले 50 से अधिक ट्वीट्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है।

साथ ही शुक्रवार को सूचना एवं प्रसारण सचिव की ओर से आइटी नियम, 2021 के तहत आपातकालीन शक्तियों का उपयोग करते हुए निर्देश जारी किए गए थे। यूट्यूब और ट्विटर दोनों ने इन निर्देशों का अनुपालन किया है। यह डॉक्यूमेंट्री ब्रिटेन के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) की ओर से बनाई गई है।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री को विदेश मंत्रालय ने बताया प्रोपोगेंडा पीस, इसकी नहीं कोई वस्तुनिष्ठता

मालूम हो कि इसको भारतीय विदेश मंत्रालय ने निष्पक्षता के अभाव वाले और औपनिवेशिकता के नजरिये को दर्शाने वाले एक “प्रोपोगंडा का हिस्सा” बताया था। मंत्रालय ने कहा कि बीबीसी ने इसे भारत में उपलब्ध नहीं कराया। कुछ यूट्यूब चैनल ने इसे अपलोड किया। ऐसा लगता है कि भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए इसे अपलोड किया गया है।

यह भी पढ़ें- केंद्र के आदेशों के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचा ट्विटर, सत्‍ता के दुरुपयोग का लगाया आरोप