केंद्र सरकार ने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर किया श्री विजय पुरम, अमित शाह ने कहा, यह नाम स्वाधीनता के संघर्ष को है दर्शाता

पोर्ट ब्लेयर

आरयू वेब टीम। केंद्र सरकार ने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर ‘श्री विजयपुरम’ कर दिया है। इसकी जानकारी शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह ने दी है। साथ ही कहा कि हमने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर श्री विजय पुरम करने का फैसला लिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा कि देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के पीएम मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर आज गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम श्री विजयपुरम करने का फैसला लिया है।  श्री विजय पुरम नाम हमारे स्वाधीनता के संघर्ष और इसमें अंडमान और निकोबार के योगदान को दर्शाता है।

इस द्वीप का हमारे देश की स्वाधीनता और इतिहास में अद्वितीय स्थान रहा है। चोल साम्राज्य में नौसेना अड्डे की भूमिका निभाने वाला यह द्वीप आज देश की सुरक्षा और विकास को गति देने के लिए तैयार है। अमित शाह ने आगे कहा कि यह द्वीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी द्वारा सबसे पहले तिरंगा फहराने से लेकर सेलुलर जेल में वीर सावरकर और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा मां भारती की स्वाधीनता के लिए संघर्ष का स्थान भी है।

बता दें कि पोर्ट ब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी है। यह दक्षिण अंडमान द्वीप के पूर्वी तट पर स्थित है। इसे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर सेलुलर जेल थी। इसका नाम ‘काला पानी की सजा’ के तौर पर काफी प्रसिद्ध रहा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक ब्रिटिश औपनिवेशिक जेल थी।

यह भी पढ़ें- यूपी के तीन रेलवे स्टेशनों का नाम बदला, मां बेल्हा देवी धाम से जाना जाएगा प्रतापगढ़ जंक्शन

इस जेल का इस्तेमाल भारत की ब्रिटिश सरकार अपराधियों और राजनीतिक कैदियों को निर्वासित करने के उद्देश्य से करती थी। 1906 में अंग्रेजों द्वारा निर्मित यह तीन मंजिला जेल स्वतंत्रता सेनानियों के लिए एक तीर्थ स्थल रही थी। इसे राष्ट्रीय स्मारक के रूप में बदल दिया गया है। यहां स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों की गाथा लेजर एंड साउंड शो के जरिए दिखाया जाता है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपित भवन के दरबार हॉल व अशोक हॉल का बदला गया नाम