आरयू ब्यूरो, प्रयागराज। प्रयागराज में बुधवार को भारतीय सेना का एक ट्रेनी विमान क्रैश होकर रिहायशी इलाके के पास एक तालाब में गिर गया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और राहत बचाव टीम ने हादसे में घायल दोनों पायलट को बचाकर तत्काल अस्पताल भेज दिया। ये हादसा माघ मेले से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर प्रयागराज के केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में सेना का ट्रेनी विमान क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि एयरक्राफ्ट अचानक हवा में डगमगाया और शहर के बीचोंबीच स्थित तालाब में जा गिरा। हादसे के वक्त पास के कॉलेज में बच्चे खेल रहे थे, जिन्होंने रॉकेट जैसी तेज आवाज सुनी और विमान को गिरते देखा।
हादसे से ठीक पहले विमान ने हवा में नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद पायलटों ने पैराशूट की मदद से छलांग लगा दी।
जिस जगह विमान गिरा है, वह एक दलदली तालाब है और वहां चारों तरफ जलकुंभी उगी हुई है। इस भौगोलिक स्थिति के कारण रेस्क्यू टीम को एयरक्राफ्ट के मलबे तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन लोग पैराशूट से तालाब में गिरे और दलदल में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू टीम और सेना के हेलिकॉप्टर ने मौके पर पहुंचकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बचा लिया।
यह भी पढ़ें- लैंडिंग के दौरान चार्टर्ड प्लेन क्रैश, पायलट समेत छह घायल
घायल हुए दो लोगों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही विमान गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एयरक्राफ्ट में कुल कितने लोग सवार थे, लेकिन प्राथमिक तौर पर पायलटों की सुरक्षा की पुष्टि कर दी गई है।




















