आंध्र प्रदेश में प्राइवेट बस की ट्रक से टक्कर में लगी भीषण आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

बस में लगी आग
हादसे में लगी आग बुझाती पुलिस।

आरयू वेब टीम। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रायवरम के पास एक प्राइवेट बस और टिपर ट्रक से बीच टक्कर हो गई। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस सड़क दुर्घटना में 14 यात्रियों की मौत हो गई है। साथ ही लगभग 18 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कईयों की हालत गंभीर है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ, जब बस जगतियाल से कलिगिरी जा रही थी। स्लैब खदानों के पास बजरी से लदे एक ट्रक से इस निजी बस की टक्कर हो गई। यात्रियों के मुताबिक ट्रक बेलगाम चलाया जा रहा था, जिसके कारण ये हादसा हुआ और दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। माना जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों की मौत इसलिए हो गई, क्योंकि वे बाहर नहीं निकल पाए।

यह भी पढ़ें- ट्रक के टकराने से स्लीपर बस में लगी आग, जलकर दस यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल

हादसे से पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मी ने बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में मृत 14 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही 18 घायलों को मरकापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वाले संभवतः कनिगिरी इलाके के रहने वाले थे।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: सवारी से भरी प्राइवेट बस में लगी आग, जिंदा जलकर 20 यात्रियों की मौत, कई घायल