पुड्डुचेरी में फ्लोर टेस्ट में फेल हुई नारायणसामी सरकार, CM ने दिया इस्तीफा, लगाएं आरोप

पुड्डुचेरी

आरयू वेब टीम। पुड्डुचेरी विधानसभा में विश्‍वासमत के दौरान कांग्रेस और डीएमके के गठबंधन की सरकार गिर गई है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी सोमवार को सदन में बहुमत साबित नहीं कर पाए। इसके बाद मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा दिया।

इससे पहले  उपराज्यपाल तमिलसाईं सुंदरराजन ने विधानसभा में आज शाम पांच बजे तक बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था। सत्तारूढ़ गठबंधन की संख्या रविवार को दो नए इस्तीफे के बाद घटकर 11 हो गई थी। वहीं 33 सदस्यीय विधानसभा में विपक्ष के पास 14 विधायकों का समर्थन था। आज सदन में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को पार्टी के प्रति वफादार होना चाहिए।

वहीं मुख्‍यमंत्री ने पूर्व राज्यपाल और केंद्र सरकार पर विपक्ष के साथ साठगांठ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार औऱ पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी ने विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर उनकी सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा है।

यह भी पढ़ें- पुडुच्चेरी के उपराज्यपाल पद से हटाए जाने के बाद किरण बेदी ने दी प्रतिक्रिया

साथ ही, उन्होंने मोदी सरकार पर राज्य की जनता के साथ धोखा देने का आरोप भी लगाते हुए कहा कि पुडुचेरी ने सूबे के विकास के लिए जितनी रकम मांगी वह उसे नहीं मिली। अपनी सरकार के अल्पमत में आने की पीड़ा जाहिर करते हुए वह बोले कि अगर हमारे सांसद साथ देते तो राज्य सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करती।

यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव में दिखा किसान आंदोलन का असर, भाजपा का सूपड़ा साफ, सात में से छह पर कांग्रेस का कब्जा

पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने विपक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री वी नारायणसामी को सोमवार को बहुमत साबित करने को कहा था। ऐसे में पुडुचेरी की मौजूदा कांग्रेस सरकार गिरते ही राज्य में अगले तीन महीनों के लिए राष्ट्रपति शासन लगने की संभावना प्रबल हो गई है। गौरतलब है कि केंद्र शासित प्रदेश में तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिख, सोनिया गांधी ने की पेट्रोल-डीजल के दाम में कमी करने मांग, पिछली सरकार पर ठीकरा नहीं फोड़ने की नसीहत भी दी