पंजाब में AAP को तीसरा झटका, अब विधायक बलदेव सिंह ने दिया इस्‍तीफा

बलदेव सिंह
विधायक बलदेव सिंह। (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। 

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को बुधवार को तीसरा बड़ा झटका लगा है। पंजाब के जैतो विधानसभा से विधायक बलदेव सिंह ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा मेल से भेज दिया। इससे पहले एचएस फुलका फिर सुखपाल खैरा और अब मास्टर बलदेव सिंह ने पार्टी छोड़ दी है।

बलदेव सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखे अपने इस्तीफे में कहा, ‘आम आदमी पार्टी ने अपने मौलिक विचारों और सिद्धांतों को पूरी तरह छोड़ दिया, जिसके चलते मुझे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ रहा है। साथ ही बलदेव ने पार्टी छोड़ने पर दुख भी जताया है।

उन्‍होंने आगे लिखा कि मैं अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से काफी प्रभावित हुआ था और आप का हिस्सा बनने का फैसला लिया था। अपने इस्तीफे में बलदेव सिंह ने कहा, ‘मैंने अपने देश और खासकर पंजाब राज्य की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति को सुधारने के लिए हेड टीचर की सरकारी नौकरी छोड़ दी थी।

यह भी पढ़ें- पद से इस्‍तीफा देकर बोले AAP नेता, अब करूंगा वकालत

मुझे नौकरी छोड़े हुए चार साल का समय गुजर गया। मेरे इस कदम से न सिर्फ मेरे परिवार को परेशानी में डाला, बल्कि इससे मेरा भविष्य भी अनिश्चित हो गया। बलदेव ने केजरीवाल को संबोधित इस्तीफे में कहा, ‘मैंने सिर्फ आपके और आम आदमी पार्टी के बुलंद नारों के लिए यह जोखिम लेना पसंद किया। मेरे जैसे कई पंजाबियों ने सपना देखा था कि आम आदमी पार्टी के आने से पंजाब की स्थिति में सुधार होगा।

वहीं आगे यह भी लिखा कि इसके लिए सभी ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जोर-शोर से कोशिश की और पंजाब से आम आदमी पार्टी के चार सांसदों को जिताकर संसद भेजा। इससे पहले पंजाब के सीनियर नेता एचएस फुल्का ने इस्तीफा देने के बाद कहा था कि उन्होंने 1984 के दंगों के पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी छोड़ी है।

यह भी पढ़ें- अब AAP के इस विधायक ने दिया पार्टी से इस्‍तीफा, वजह भी बताई

अब उनका लक्ष्य मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को जेल भिजवाना है। उन्होंने कहा था कि सिख विरोधी दंगों के दोषी और पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को जेल भेजवाना उनका असली मिशन था, लेकिन यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। अब भी सिख विरोधी दंगों के बड़े-बड़े दरिंदे बाहर हैं। बलदेव ने आगे लिखा कि मैं सुनिश्चित करूंगा कि कमलनाथ और टाइलटर भी जेल जाएं।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल के बयान पर आम आदमी पार्टी में अंदरूनी कलह, विश्‍वास ने कसा तंज