एस्‍मा भी नहीं रोक पाई महाहड़ताल, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारियों ने ठप किया काम

महाहड़ताल
प्रदर्शन करते हड़ताल कर्मी।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बुधवार को कर्मचारी, शिक्षक, व अधिकारियों की महाहड़ताल का जबरदस्‍त असर देखने को मिला। योगी सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रदेश के नाराज कर्मचारी, शिक्षक व अधिकारियों ने सरकार की एस्‍मा के तहत कार्रवाई की चेतावनी को भी दरकिनार करते हुए महाहड़ताल का बिगुल फूंक दिया।

जिसके चलते दर्जनों सरकारी विभागों और शिक्षण संस्‍थानों में कामकाज काफी हद तक ठप रहा है। इस बीच आज हड़ताली कर्मियों और सरकार के बीच वार्ता से भी कोई हल नहीं निकल सका। पुरानी पेंशन बहाली मंच के नेताओं ने गारंटीड पेंशन पर सरकार की तरफ से पूरा भरोसा नहीं मिलने पर हड़ताल स्थगित करने से साफ मना कर दिया।

महाहड़ताल
महाहड़ताल के चलते सरकारी कार्यालयों में दिखा ऐसा नजारा।

वहीं आज हड़ताल कर रहे विभिन्न संगठनों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग मुख्यालय पर सभा आयोजित की। जिसमें सभी ने इस महाहड़ताल के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। संगठन के नेता सुधांशु मोहन की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्‍ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार ने पूर्व घोषित महाहड़ताल के मद्देनजर पुरानी पेंशन बहाली के लिए समिति का गठन किया था। इस समिति को दो माह में अपनी रिपोर्ट देनी थी। इस बात की जानकारी न्यायालय तक को दी जा चुकी थी। इसके बावजूद समिति ने दो माह में कोई निर्णय नही लिया और प्रदेश के लाखों कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारियों के साथ धोखा किया। सभा का संचालन करते हुए मंच की नेता अमिता त्रिपाठी ने कहा कि यह कांरवां अब चल पड़ा है, जो मंजिल पाने के बाद ही रूकेगा।

यह भी पढ़ें- पुरानी पेंशन के लिए कर्मचारियों ने विधानसभा घेरकर की नारेबाजी, डिप्टी CM ने बुलाई आपात बैठक

कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच की ओर से किए गए इस महाहड़ताल के बारे में जानकारी देते हुए संगठन मंत्री संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि सूबे की राजधानी समेत प्रदेश के तमाम जिलों में आज महाहड़ताल में शामिल कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारियों ने आमसभा कर योगी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अब वार्ता नही समाधान चाहिए।

इन विभागों में दिखा महाहड़ताल का असर

आज से शुरू हुई महाहड़ताल का असर वाणिज्यकर, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई,आरटीओ, रजिस्ट्री, समाज कल्याण, उघान विभाग, अर्थ एवं संख्या, नियोजन, कृषि विपणन एवं विदेश, निबंधन, कोषागार, सिंचाई, आबकारी, श्रम, बॉट मापतोल, मातृ शिशु कल्याण, शिक्षा विभाग, सूचना विभाग, डायट, कृषि, वित्तीय प्रबंध एवं प्रशिक्षण, ग्रामीण अभियंत्रण व राजस्व विभाग में देखने को मिला।

सात फरवरी को बीएसए कार्यालय पर एकत्र होगें हड़ताली

महाहड़ताल पर उतरे कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारियों का हड़ताल के दूसरे दिन सात फरवरी को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिटी स्टेशन पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेगें। मंच के मीडिया प्रभारी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पुरानी पेंशन के लिए एकजुट हुआ यह सैलाब अब पीछे मुड़कर देखने वाला नहीं है। सरकार की वादाखिलाफी से कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारियों में रोष व्‍याप्‍त है।

यह भी पढ़ें- शिक्षकों की मांग को लेकर कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, कहा सत्‍ता से बाहर रहकर करते थे प्रदर्शन, अब वादाखिलाफी