आरयू वेब टीम। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ समेत देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही याद कर कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था एवं लोकतंत्र को मजबूती दी। दरअसल मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हो गया था।
कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर, हम एक सत्यनिष्ठा, विनम्रता और दूरदर्शिता वाले राजनेता को याद करते हैं। उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूत किया।”
मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि मनमोहन सिंह निस्वार्थ और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री रहे।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि, “उनकी पहली पुण्यतिथि पर हम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के भारत के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अपार योगदान को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं। एक परिवर्तनकारी नेता के तौर पर उन्होंने देश के आर्थिक रास्ते को नया आकार दिया और आर्थिक सुधारों के जरिए लाखों लोगों के लिए अवसर बढ़ाए और लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।”
आगे कहा कि अपनी विनम्रता, ईमानदारी और बुद्धिमत्ता के लिए जाने जाने वाले डॉ. मनमोहन सिंह ने गरिमा और करुणा के साथ नेतृत्व किया, यह सुनिश्चित करते हुए कि प्रगति समावेशी बनी रहे और कल्याण सबसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। अधिकार आधारित मॉडल उसी दृष्टिकोण का प्रमाण है। हमने उनके विजन के तहत एक मजबूत भारत का निर्माण किया था। हम एक ऐसे राजनेता को दिल से श्रद्धांजलि देते हैं जिनकी ईमानदार सार्वजनिक सेवा और स्थायी सुधारों की विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। डॉ मनमोहन सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व की मिसाल थे। वे सच्चे अर्थों में देश की प्रगति के लिए समर्पित रहे।’’ प्रियंका ने कहा, “उनकी सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।”
इसके अलावा कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। भारत को आर्थिक संकट से बाहर निकालने से लेकर एक दशक तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक, उनका प्रभाव बहुत गहरा था। उन्होंने आरटीआइ एक्ट के जरिए पारदर्शिता को बढ़ावा दिया और मनरेगा के जरिए काम की गरिमा को बनाए रखा। उनके नेतृत्व में सुधार, करुणा और जिम्मेदारी का संतुलन था। भारत उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में याद करता है जिन्होंने देश और उसकी संस्थाओं को राजनीति से ऊपर रखा।
यह भी पढ़ें- वोटिंग से पहले जनता को पत्र लिख मनमोहन सिंह ने कहा, मोदी सरकार ने पंजाब-पंजाबियत को बदनाम करने में नहीं छोड़ी कसर
इसी क्रम में आज सूबे की राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित कर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गयी। मनमोहन सिंह की फोटो पर माल्यार्पण कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह अपने सरल, ईमानदार और विद्वान व्यक्तित्व के माध्यम से देश को आर्थिक मजबूती प्रदान की। उदारीकरण, आर्थिक सुधार और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उनका योगदान देश सदैव स्मरण रखेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और सामाजिक न्याय को सर्वोपरि रखा। आज के समय में डॉ. मनमोहन सिंह जी जैसे दूरदर्शी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले नेताओं की देश को अत्यंत आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलते हुए जनहित के लिए संघर्ष करती रहेगी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, अरशद खुर्शीद, संजय सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अब्दुल्ला शेर खान, आशुतोष मिश्रा, अमित त्यागी, नितिन शर्मा, सिद्धि श्री, बिजेंद्र सिंह, प्रमोद पाण्डेय, नारायण पति त्रिपाठी, आलेख पाण्डेय, सुशील तिवारी सोनू पंडित, विभा त्रिपाठी व अन्य भी शामिल रहें।




















