मनरेगा बचाने रायबरेली पहुंची राहुल गांधी ने कहा, “गरीबों की जगह नौकरशाहों को प्राथमिकता दे रही मोदी सरकार, सुधार के नाम पर हटाया कवच”

राहुल गांधी
कार्यक्रम को संबोधित करते राहुल गांधी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/रायबरेली। अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही मनरेगा को खत्म करके सरकार वीबीजीरामजी नाम से एक कानून लेकर आई है, जिसे लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार पर गरीबों के बजाय नौकरशाहों को प्राथमिकता दे रही है। मनरेगा के विरोध में कांग्रेस देशभर में मनरेगा बचाओ अभियान चला रही है।

मनरेगा पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सत्ता को केंद्रीकृत करने, इसे नौकरशाही को सौंपने और गरीब नागरिकों को भूखा मरने के लिए छोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा मनरेगा का मकसद बेरोजगार ग्रामीणों को पैसे कमाने का जरिया देना था, लेकिन प्रधानमंत्री ऐसा नहीं चाहते, वे सत्ता को केंद्रीकृत करना चाहते हैं और इसे नौकरशाही को सौंपना चाहते हैं। वह गरीबों को भूखा मरने के लिए छोड़ना चाहते हैं। एक्ट में सुधार के नाम पर गरीबों का सुरक्षा कवच हटाया गया है। उन्होंने एक्ट से महात्मा गांधी के नाम को हटाने की भी निंदा की।

साथ ही कहा, ‘मामला सिर्फ नाम बदलने का नहीं है. गांधी जी का अपमान किया गया है, लेकिन उससे भी बड़ी बात है कि हमारे गरीब जनता का जो प्रोटेक्शन था, वह हटा दिया गया है। जो डेमोक्रेटिक जड़ है, एक प्रकार से उसको काटा गया है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा को बचाने का आंदोलन चला रही है जो मजदूरों की मजदूरी और उनके प्रोटेक्शन के लिए है। लोकसभा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानबूझकर जनता की रक्षा नहीं कर रहे हैं और मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर करके ग्रामीण भारत को प्रभावित कर रहे हैं।

राहुल ने कहा कि मनरेगा योजना, जो कांग्रेस ने लागू की थी, उसकी मंशा यह थी कि इसे केंद्र या राज्य सरकार की बजाय पंचायत के माध्यम से चलाया जाए। इसी लक्ष्य के साथ यह योजना लाई गई थी। साथ ही कहा कि मनरेगा ने मजदूरों और गरीब लोगों की जबरदस्त मदद की। लाखों लोगों को इस योजना ने गरीबी से निकाला। गांवों में इन्फ्रास्ट्रक्चर बना, सड़कें बनीं। अगर कोई मजदूर मनरेगा का काम मांगता था, तो कानून था कि उसे काम देना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने कहा, विधेयक बदलने से खत्‍म हो जाएगा मनरेगा, ये मजदूरों के खिलाफ

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में नरेंद्र मोदी ने कुछ साल पहले मजाक उड़ाते हुए कहा था कि इस योजना से किसी को फायदा नहीं होता और मनरेगा को खत्म करने की कोशिश की गई। मगर देश के गरीब लोगों ने जोरदार आवाज उठाई और मनरेगा बच गया। जब कोरोना आया तो बाकी सारी योजनाएं फेल हो गईं, लेकिन मनरेगा ने मजदूरों और देश की रक्षा की। दरअसल कांग्रेस सांसद अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज उन्होंने राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी रायबरेली द्वारा आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग का उद्घाटन भी किया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष का दावा, मोदी सरकार पर है मनरेगा मजदूरों का छह हजार करोड़ से ज्‍यादा का बकाया