राजधानी एक्सप्रेस से टकराया हाथियों का झुंड, आठ की मौत, पांच डिब्बे व इंजन पटरी से उतरे

राजधानी एक्सप्रेस
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहत बचाव टीम, पुलिस व अन्य लोग।

आरयू वेब टीम। असम के होजाई जिले में शनिवार को दिल दहला देने वाला एक हादसा हो गया है। ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन एक हाथियों के झुंड से टकरा गई। टक्‍कर इतनी जबरदस्‍त थी कि ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि इस हादसे में आठ जंगली हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।

मिली जानकारी के मुताबिक आज तड़के ये हादसा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुआ। उस स्थान पर हाथियों का गलियारा नहीं है। इस बीच लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखकर आपातकालीन ब्रेक लगाई, लेकिन ट्रेन फिर भी हाथियों से जा टकराई और हादसा हो गया, जिससे इंजन समेत छह कोच डिरेल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही राहत ट्रेन और लुमडिंग मंडल मुख्यालय के अफसर  मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

वहीं प्रभावित कोचों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य कोचों में उपलब्ध खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से सुरक्षित शिफ्ट किया गया और प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद पटरी से उतरी ट्रेन गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई है। गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को समायोजित करने के लिए अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। साथ ही रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं- 0361-2731621 / 2731622 / 2731623

यह भी पढ़ें- ओडिशा में रेल हादसा, कामाख्या एक्सप्रेस के 11 AC डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप

सूत्रों के मुताबिक पटरी से उतरने और पटरियों पर हाथियों के शव मिलने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए रेल सेवाएं फिलहाल बंद हैं। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि ट्रेन हादसे में आठ हाथियों की मौत हो गई है। हाथी का छोटा बच्‍चा इस हादसे में घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- ऐशबाग स्टेशन पर पटरी से उतरा कृषक एक्सप्रेस का इंजन स्टॉपर तोड़ ओवरहेड इलेक्ट्रिक खंभे से टकराया, मचा हड़कंप