पुण्यतिथि पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर राहुल ने कहा, “पापा आपकी आकांक्षाएं मेरी जि‍म्मेदारियां”

राजीव गांधी को श्रद्धांजलि
पिता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 33वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के अन्य नेता वीर भूमि पहुंचे। जहां सभी ने राजीव गांधी को यादकर उन्हें पुष्‍प के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली में उनकी समाधि वीर भूमि पर हर साल उनका परिवार, कांग्रेस और वरिष्ठ नेता उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

वहीं पिता को याद करते हुए राहुल गांधी ने आज सुबह अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्‍स पर एक फोटो के साथ भावुक पोस्‍ट शेयर करते हुए कहा कि पापा, आपके सपने, मेरे सपने, आपकी आकांक्षाएं, मेरी जि‍म्मेदारियां। आपकी यादें, आज और हमेशा, दिल में सदा रहेगी।

वहीं प्रियंका गांधी ने भी पिता राजीव गांधी का एक वीडियो शेयर किया, जिसमे उन्होंने कहा कि मेरे पिता ने अपनी मां से विरासत में धन दौलत नहीं ली। विरासत में उनको इस देश के लिए मर मिटने का जज्बा मिला। शहादत मिला, यही उनकी विरासत। प्रियंका गांधी ने कहा मेरे पिता बहुत नेक इंसान थे। उनका दिल साफ था वह ईमानदार थे और बहुत हिम्मत वाले थे। जनता के बीच कैसा रिश्ता होना चाहिए यह सीख मुझे अपने पिता राजीव गांधी से मिली।

यह भी पढ़ें- राजीव गांधी की जयंती पर राहुल ने किया पिता को याद, पैंगात्सो घाटी में श्रद्धांजलि अर्पित कर पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

इसके अलावा राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजीव गांधी की पंक्तियां लिखी, उन्होंने लिखा भारत एक पुराना देश है, लेकिन एक युवा राष्ट्र है… मैं भारत का सपना देखता हूं- मजबूत स्वतंत्र आत्मनिर्भर और मानव जाति की सेवा में दुनिया भर के देशों में सबसे आगे राजीव गांधी। खरगे ने कहा राजीव गांधी के साहसी हस्तक्षेप ने भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार किया में भारत के एक महान सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

वहीं कांग्रेस नेता पी.चिदंबरम और सचिन पायलट ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 33वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली में वीर भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की पुण्य तिथि पर उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।”

यह भी पढ़ें- रायबरेली मेरी माताओं की कर्मभूमि, इसलिए यहां लड़ने आया हूं चुनाव: राहुल गांधी