राजनीतिक पिच पर उतरे अंबाती रायडू, YSR कांग्रेस में हुए शामिल

अंबाती रायडू

आरयू वेब टीम। क्रिकेट की पिच पर चौके-छक्के जड़ने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू अब राजनीतिक पिच पर उतर गए हैं। आंध्र प्रदेश की राजनीति में एंट्री लेते हुए 37 साल के रायडू जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। संन्यास लेने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

अंबाती रायडू आज पार्टी अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी की मौजूदी में पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम नारायण स्वामी और सांसद पेद्दीरेड्डी मिथुन रेड्डी ने जगन मोहन रेड्डी के साथ पूर्व क्रिकेटर का पार्टी में स्वागत किया। रायडू ऐसे समय में पार्टी में शामिल हुए जब सभी दल आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पार्टी उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट देगी?

गौरतलब है कि रायडू ने अपना आखिरी क्रिकेट मैच 29 मई को इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेला था। राजनीति में आने से पहले उन्होंने मुद्दों को समझने के लिए अपने मूल गुंटूर जिले के कोने-कोने का दौरा किया और लोगों से मुलाकात की।

रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने बुधवार को मीडिया से कहा था, “मैं लोगों की सेवा करने के लिए जल्द ही आंध्र प्रदेश की राजनीति में प्रवेश करूंगा। राजनीति में आने से पहले मैंने लोगों की नब्ज जानने और उनकी समस्याओं को समझने की और जिले के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करने का फैसला किया है।”

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर ताल ठोकने वाले शोभित पाठक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

बता दें कि रायडू ने भारत की ओर से 55 एकदिवसीय मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 47 से ज्यादा की औसत से 1694 रन बनाए। एकदिवसीय में रायडू ने तीन शतक और दस अर्धशतक लगाए। साथ ही उन्होंने तीन विकेट भी झटके हैं। वहीं, छह टी-20 मैच में रायडू ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और 10.50 की औसत से 42 रन बनाए। इसके अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रायडू ने 6151 रन, जबकि लिस्ट ए में 5607 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड पहुंचे क्रिकेटर सुरेश रैना, केदारनाथ के किए दर्शन