राज्यपाल ने किया रायबरेली रेल कोच फैक्टरी का औचक निरीक्षण, ली विस्तृत जानकारी

रेल कोच फैक्टरी
रेल कोच फैक्टरी का निरिक्षण करतीं राज्यपाल।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रायबरेली स्थित आधुनिक रेल कोच फैक्टरी में शनिवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर फैक्टरी में चल रहे कार्यों, उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार सुरक्षा कारणों से फैक्टरी परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही। राज्यपाल ने विशेष रूप से वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य यात्री ट्रेनों के कोच निर्माण की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की और उत्पादन प्रक्रिया की बारीकियों को समझा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिब्बों के निर्माण में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं पर अधिकारियों से सवाल-जवाब किए।

उनका मुख्य फोकस ये सुनिश्चित करना था कि उच्च गुणवत्ता वाले रेल कोच समय पर और मानकों के अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं। इस दौरे का उद्देश्य रेल कोच निर्माण इकाई की क्षमता का आकलन करना और उत्पादन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देना बताया गया। राज्यपाल ने बैठक के बाद चिंतन शिविर में भी भाग लिया, जिसमें औद्योगिक विकास और तकनीकी सुधारों पर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें- जन्‍म के बाद बेटियों को फेंकने वाली माताओं को भगवान भी नहीं करेंगे माफ: राज्यपाल आनंदीबेन

इसके अलावा, राज्यपाल के फैक्टरी के शेल शॉप (जहां ट्रेन डिब्बों का बाहरी ढांचा तैयार किया जाता है) के निरीक्षण की भी योजना रही। इस निरीक्षण से यह समझने में मदद मिली कि किस प्रकार आधुनिक उपकरणों और तकनीकों की मदद से कोचों का ढांचा तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में बदल गया राज्यपाल आवास का नाम, राजभवन कहलाएगा जनभवन