आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में गडकरी ने ‘‘सबसे अच्छा काम किया है।’’ साथ ही कहा कि वे सबसे अच्छा वक्ता भी हैं। राम गोविंद ने ये भी दावा किया कि देश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है, लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं।
राम गोविंद ने सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा, ”गडकरी के विभाग को छोड़कर जनता के विकास के लिए कोई काम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। रोजगार और विकास केवल अखबारों, चैनल और होर्डिंग में ही दिखाए जा रहे हैं। मोदी सरकार में नितिन गडकरी ने सबसे अच्छा काम किया है। वे सबसे अच्छा बोलते भी हैं। वे किसी के प्रति द्वेषपूर्ण बातें नहीं करते हैं, इसीलिए उन्हें दरकिनार किया गया है।”
यह भी पढ़ें- नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान, लागू होगा नया टोल सिस्टम, तीन हजार में लगा सकेंगे 200 चक्कर
सपा नेता ने ये भी कहा कि भाजपा में जो सही लोग हैं, वे हाशिये पर हैं, जबकि जो गलत हैं वे मुख्य धारा में हैं। चौधरी ने कहा, “गडकरी को मंत्री बनाना मजबूरी है, वरना मंत्रिमंडल काम नहीं करेगा। जादू का असर होता है। अगर गडकरी नहीं होंगे तो सरकार गिर जाएगी। वे इतना साफ बोलते हैं, उन्हें अब तक क्यों नहीं हटाया गया।” सपा के वरिष्ठ नेता ने ये भी कहा कि देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं। जबकि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी।



















