संविधान दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने देश को बधाई दे कहा, “हमारा संविधान लोकतंत्र का जीवनसूत्र”

मल्लिकार्जुन खड़गे
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। संविधान दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देश को बधाई दी। साथ ही कहा कि, “हमारा संविधान लोकतंत्र का जीवनसूत्र है।” 74वें संविधान दिवस पर हम उन संविधान निर्माताओं को नमन करते हैं जिन्होंने देश के हर नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकार दिए। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों का आह्वान किया है कि वे संविधान पर हो रहे हमलों का विरोध करें और संवैधानिक मूल्यों को खत्म किए जाने पर सत्ता से सवाल पूछे।

असहमति को माना जा रहा अपराध

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि आज संविधान की मूल भावना को विभिन्न चुनौतियों से दोचार होना पड़ रहा। “मौजूदा सत्ता स्वतंत्रता के उन सभी आयामों को रौंद रह है जो संविधान में बताए गए हैं। असहमति को अपराध माना जा रहा है, संस्थाओं को पंगु कर उन्हें सत्ता का प्यादा बनाकर तानाशाही व्यवस्था स्थापित की जा रही और सामाजिक बदलाव के नाम पर नफरत बांटी जा रही है।” मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, “भाजपा-आरएसएस द्वारा सरकारी मशीनरी के प्रत्येक अंग का दुरुपयोग कर व्यवस्थित और तीव्र तरीके से संविधान पर हमला किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा है कि एक राष्ट्र के तौर पर हम सामाजिक न्याय और सौहार्द से वंचित होते जा रहे हैं और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों को खत्म किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि अब समय आ गया है कि विभाजनकारी और नफरत की राजनीति के खिलाफ खड़ा हो जाया जाए। खड़गे ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सामने आकर लड़ रही है।

यह भी पढ़ें- खड़गे-प्रियंका समेत कई दिग्‍गज नेताओं ने की जनता से मतदान की अपील

खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा है कि इस यात्रा से देश में शांति, एकता, विविधता, सौहार्द और करुणा का संदेश प्रसारित हुआ है। उन्होंने कहा है कि ऐसी यात्रा और अधिक राज्यों और समाज के और अधिक वर्गों के बीच जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, उसी तरह आज हमें बिना भय के अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ना होगा और हम इस लड़ाई को जीतने में सक्षम हैं। आज का संविधान दिवस हमारे पुरखों से प्रेरित होने का है। पंडित जवाहर लाल नेहरू, बाबा साहब बी आर आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाज, डा राजेंद्र प्रसाद, के एम मुंशी, सरोजनी नायडू, अलादी कृष्णास्वामी अय्यर, राजकुमारी अमृत कौर और तमाम अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है। हम, भारत के लोग, जीतेंगे।

यह भी पढ़ें- BJP-RSS विविधता के खिलाफ, छीनना चाहते हैं आदिवासियों की जमीन-जंगल: खड़गे