“सपा का झंडा लगाओ” अभियान के समापन पर अखिलेश ने कहा, अपनी राजनीतिक संकीर्णता के कारण कुंठित हो गयी भाजपा

सपा का झंडा लगाओ
लखनऊ में सपा का झंडा लगाते राजेंद्र चौधरी साथ में सपा के अन्य नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी के 11 दिवसीय ‘सपा का झंडा लगाओ’ कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। आज राजधानी में 15 दिसंबर से शुरू हुए अभियान के अंतिम दिन सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने सपा का झंडा लगाया। वहीं इस मौके पर सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का झंडा क्रांति का प्रतीक है। सपा झंडे से भाजपा डरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान की बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि इसे रेड एलर्ट बताने वाले खुद इससे भड़के हुए हैं तभी तो भाजपा नेतृत्व समाजवादी झंडे के बारे में अवांछनीय टिप्पणी करती है, जबकि लाल झंडा परिवर्तन का संकेत है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में योजनाओं की सौगात दे प्रधानमंत्री ने सपा पर बोला हमला, लाल टोपी वालों को बताया यूपी के लिए खतरे की घंटी

अपने बयान में यूपी के पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि समाज परिवर्तन के लिए छटपटा रहा है, जबकि भाजपा समाज को कुछ भी नया देने की क्षमता खो चुकी है। भाजपा अपनी राजनीतिक संकीर्णता के कारण कुंठित हो गयी है। बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा अपने जन्म काल से ही यथास्थितिवाद की पोषक रही है। भाजपा से किसी परिवर्तन की आशा नहीं की जा सकती है। भाजपा की विचारधारा जड़ता की शिकार है।

वहीं सपा के अभियान का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा समाजवादी पार्टी का झंडा लगाओं अभियान भाजपा के झूठ-फरेब से जनता को जागरूक करने और समाजवादी नीतियों से लोगों को परिचित कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

यह भी पढ़ें- आखिरकार एक हुए चाचा-भतीजे, शिवपाल से मुलाकात कर अखिलेश ने किया सपा-प्रसपा के गठबंधन का ऐलान

वहीं अभियान के बारे में जानकारी देते हुए आज सपा प्रवक्‍ता ने मीडिया को बताया कि अखिलेश यादव के निर्देश पर 15 से 25 दिसंबर तक समाजवादी पार्टी का झंडा लगाओ अभियान सफलता पूर्वक संपन्‍न हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभाओं में बूथ कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा शुभचिंतकों के घरों पर लगभग दस लाख झंडे लगाये गये। इसके अलावा विधानसभा निर्वाचन 2022 के लिये चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के पूर्व समाजवादी पार्टी का झंडा लगाओं अभियान चलता रहेगा।

इस कार्यक्रम के तहत आज लखनऊ में भी कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने डॉ. आशुतोष वर्मा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी का झंडा लगाया। इस अवसर पर मुकेश शुक्ला, दीपक रंजन, पूजा शुक्ला, डॉ. सीमा सिंह, नवीन धवन, देवेन्द्र यादव जीतू, महेन्द्र यादव, चांद सिद्दीकी, प्रो. आनित्य गौरव, डॉ. अंशू चौधरी, आर.के. मौर्य, आलोक यादव, सगीर अहमद, अवधेश वर्मा, अदनान, हिमांशु संघर्षी, ललित कश्यप सहित अन्य उपस्थित रहे।