सपा विधायक सुधाकर सिंह का मेदांता में निधन, अस्पताल पहुंचे अखिलेश

निधन
विधायक के निधन पर अस्पताल पहुंचे अखिलेश ने परिवार को दी सांत्वना।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के घोसी सीट से विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार को निधन हो गया हैं। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सुधाकर सिंह ने अंतिम सांस ली। विधायक के निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जबकि सपा मुखिया अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और नम आखों के साथ सुधाकर सिंह के रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाई।

मिली जानकारी के मुताबिक सपा विधायक सुधाकर सिंह (60 साल) काफी समय से बीमार थे लेकिन, दो दिन पहले उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान सुधाकर का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की है और रोते बिलखते परिजनों को सांत्वना दी।

सुधाकर सिंह ने साल 2023 में घोसी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 50 हजार वोटो से चुनाव हराया था, जिसके बाद वो काफी सुर्खियों में आ गए थे। सियासी जमीन पर उनकी अच्छी खासी पकड़ थी। सुधाकर सिंह अपनी बेबाकी और हाजिर जवाबी के साथ जनता के बीच गहरी पैठ वाले नेता माने जाते थे। इसी वजह से जब घोसी सीट खाली हुई तो सपा अध्यक्ष ने सुधाकर पर भरोसा जताया और उन्हें घोसी उपचुनाव में सपा का प्रत्याशी घोषित किया था। सुधाकर सिंह ने अखिलेश यादव के भरोसे पर खरे भी उतरे और उन्होंने इस सीट पर जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, स्‍वदेशी की बात करने वाली भाजपा सरकार ने चीन को सौंप दी देश की अर्थव्यवस्था

सुधाकर सिंह सपा के क़द्दावर नेता माने जाते थे। साल 1996 में उन्होंने नत्थुपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। साल 2012 में इस सीट को घोसी के नाम से जाना जाने लगा। साल 2012 में भी सुधाकर सिंह ने इस सीट से जीत हासिल की लेकिन, 2017 विधानसभा चुनाव में मोदी लहर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। साल 2022 में सपा ने उनका टिकट काट दिया था जिसके बाद उन्होंने खुलकर सपा का विरोध किया, हालांकि 2023 में जब उपचुनाव हुए तो वो दारा सिंह चौहान को हराकर विधायक बन गए थे।

यह भी पढ़ें- राहुल से मुलाकात के बाद चर्चा में आए सुल्तानपुर के रामचेत का निधन, कैंसर का चल रहा था इलाज