आरयू वेब टीम। शाहजहांपुर के पुवायां में नवनियुक्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रिंकू सिंह राही ने सोमवार रात कार्यभार ग्रहण किया और मंगलवार को तहसील पहुंचते ही अपने कड़े रुख के कारण सुर्खियों में आ गए। उन्होंने तहसील परिसर में खुले में पेशाब कर रहे एक वकील के मुंशी को पकड़वाया और सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवाई। आइएएसफ अफसर की इस हरकत से नाराज जब वकीलों ने आपत्ति जताई और बताया कि शौचालयों की हालत बेहद खराब है, तो एसडीएम ने खुद को जिम्मेदार मानते हुए उनके सामने खुद भी उठक-बैठक की।
दरअसल तहसील निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रदर्शन कर रहे वकीलों से बातचीत की और कहा कि विरोध करना उनका अधिकार है, लेकिन इसका तरीका ऐसा होना चाहिए कि कार्यालय के कार्य में बाधा न पहुंचे। वकीलों ने जब शौचालयों की बदहाली की ओर ध्यान दिलाया तो एसडीएम ने इसे प्रशासन की चूक माना और सार्वजनिक रूप से अपनी जिम्मेदारी स्वीकारी और सबके सामने उठक-बैठक की।
इस दौरान एसडीएम ने तहसील परिसर के सभी कार्यालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की, और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं मीडिया से बात करते हुए रिंकू सिंह राही ने बताया कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। ग्रामीण अपनी समस्याएं ग्रुप में भेज सकेंगे और समाधान की जानकारी भी वहीं दी जाएगी।
साथ ही उन्होंने युवाओं की एक टीम बनाने की बात भी कही, जो लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेगी और सहायता भी प्रदान करेगी। इस दौरान लोगों से अपील की कि यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगता है या दुर्व्यवहार करता है, तो उसकी वीडियो बनाकर उन्हें भेजें, उस पर निश्चित कार्रवाई की जाएगी।




















