आरयू वेब टीम। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सीनियर नेता शरद पवार की सोमवार को तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें पुणे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 83 साल के वरिष्ठ नेता पिछले कई दिनों से बीमार थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पुणे में आगे के इलाज की सलाह दी।
मिली जानकारी के मुताबिक मेडिकल टीमें सुबह बारामती में शरद पवार के गोविंदबाग आवास पर उनकी हालत का जायजा लेने पहुंचीं। करीब एक घंटे की जांच के बाद, डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रांसफर करने की सलाह दी। इसके बाद वे दोपहर में पुणे के लिए रवाना हुए, एहतियात के तौर पर शरद पवार के साथ कार्डियक इक्विपमेंट वाली एम्बुलेंस भी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, पवार को लगातार खांसी और बलगम की शिकायत थी, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। प्रोटेक्टिव मास्क पहनकर, वे एक अलग गाड़ी में अस्पताल के लिए निकले। उनका फिलहाल क्या ताजा हेल्थ अपडेट है, इसका इंतजार है। बता दें कि उन्हें पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें- बारामती में अजित पवार का प्लेन क्रैश, डिप्टी सीएम समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत
माना जा रहा है कि हाल ही में हुए हादसे पवार की सेहत और खराब हो गई है, हालांकि बीमारी के कारण वे पिछले दो-तीन महीनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों से काफी हद तक दूर रहे थे, लेकिन अपने भतीजे और पार्टी नेता अजीत पवार की अचानक मौत के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिलना फिर से शुरू कर दिया था। पिछले हफ्ते, उन्होंने लगातार तीन दिन उसी कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में बिताए जहां अजीत पवार रहते थे। दरअसल, पार्टी के नेता और शुभचिंतक संवेदना व्यक्त करने के लिए वहां आ रहे थे।




















