आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है। मनोज कुमार सिंह की जगह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नया मुख्य सचिव बनाया गया है। गोयल ने गुरुवार को ही मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान शशि गोयल ने अपनी प्रथमिकता भी बताई, जबकि वहां मौजूद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बीता एक साल उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इस दौरान उन्हें सीएम योगी के द्वारा लगातार गाइडेंस मिला। उनके जिम्मे बड़े-बड़े काम आए। अब आगे की यह जिम्मेदारी नए मुख्य सचिव के कंधे पर है।
वहीं पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी गोयल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। साथ ही कहा कि सीएम योगी के निर्देश पर वह विकास कार्यो को आगे ले जाएंगे। उनके पूर्ववर्ती मुख्य सचिव ने जो काम किया है वह इसे आगे ले जाएंगे। दरअसल 1989 बैच के टॉपर होने और आठ साल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव होने के नाते एसपी गोयल की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही थी। मनोज कुमार सिंह का उनके कार्यकाल का आखिरी दिन था, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से उनके सेवा विस्तार को मंजूरी नहीं दी गई।
यह भी पढ़ें- IAS अभिषेक प्रकाश निलंबन मामले में यूपी सरकार ने केंद्र को भेजी 36 पन्नों की रिपोर्ट
एसपी गोयल को दिल्ली के पोलिटिकल कोरीडोर में भी काफी प्रभावशाली माना जाता है। एसपी गोयल साल 1989 के आइएएस अधिकारी हैं। वह यूपी के सबसे वरिष्ठ आइएएस अधिकारी हैं। एसपी गोयल लखनऊ के रहने वाले हैं और उनका जन्म साल 1967 में हुआ था। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, ईएमआईबी कोर्स भी किया हुआ है।
अपने करियर की शुरुआत इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के पद से की थी। इसके बाद वह मेरठ, अलीगढ़, बहराइच के सीडीओ भी रह चुके हैं। एसपी मथुरा, इटावा, प्रयागराज, देवरिया के जिलाधिकारी (डीएम) भी रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, सपा सरकार में एसपी गोयल प्लानिंग विभाग के सचिव और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। एसपी गोयल केंद्र की मोदी सरकार में मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।




















