‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला की हुई अचानक मौत, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

शेफाली जरीवाला
शेफाली जरीवाला। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। ‘कांटा लगा’ से लोकप्रियता पाने वाली और ‘बिग बॉस 13’ की चर्चित कंटेस्टेंट रहीं शेफाली जरीवाला का अचानक निधन हो गया है। कहा जा रहा मात्र 42 वर्षीय अभिनेत्री को कार्डिएक अरेस्ट हुआ था, जिसके बाद उन्हें कूपर हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेफाली के निधन की खबर सुनते ही टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि शेफाली के पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी, जो हमेशा उनके साथ खड़े रहे, उन्हें गंभीर हालत में तुरंत हॉस्पिटल ले गए थे। शेफाली के शव का पोस्टमार्टम किया गया है, हालांकि शाम तक उसकी रिपोर्ट सामने नहीं आयी थीं। वहीं पोस्‍टमॉर्टम के दौरान पराग काफी भावुक नजर आए। वो पैपराजी से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील करते हुए हाथ जोड़ते दिखे।

शेफाली ने साल 2002 में आए आइकॉनिक रीमिक्स ‘कांटा लगा’ से रातों-रात देशभर में पहचान बना ली थी। उनकी ग्लैमरस इमेज और डांस मूव्स ने उन्हें युवाओं की फेवरेट बना दिया था। यह गाना आज भी पॉप कल्चर का हिस्सा बना हुआ है।

इसके बाद शेफाली ने 2004 में आई अक्षय कुमार और सलमान खान की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी कैमियो किया था। हालांकि, वह फिल्मों में ज्यादा नहीं रहीं, लेकिन म्यूजिक वीडियोज और रियलिटी शोज में उनकी पकड़ मजबूत रही। शेफाली ‘बिग बॉस 13’ में वाइल्ड कार्ड एंट्री के तौर पर आई थीं और दर्शकों का दिल जीत लिया था। उस सीजन में सिद्धार्थ शुक्ला भी थे, जिनका भी अचानक निधन हो गया था। अब शेफाली के यूं चले जाने से फैन्स और इंडस्ट्री को गहरा धक्का लगा है।

यह भी पढ़ें- बिग बॉस 13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला का एकाएक निधन

शेफाली ने हमेशा अपनी जिंदगी को खुलकर जिया। वह मेंटल हेल्थ और महिलाओं के सशक्तिकरण पर खुलकर बोलती थीं। वह एक कैंसर सर्वाइवर भी थीं, और कई बार इंटरव्यू में अपने संघर्ष साझा किए थे। शेफाली जरीवाला सिर्फ एक गाने की स्टार नहीं थीं, वे आत्मविश्वास, कला और आत्म-स्वीकृति की मिसाल थीं। उनका जाना एक युग का अंत है।

यह भी पढ़ें- बॉलीवुड एक्टर मुकुल देव का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस