शिवपाल यादव का दावा, बदायूं में जब्त होगी भाजपा की जमानत

बदायूं में शिवपाल
जनसभा में अपने बेटे आदित्‍य यादव के साथ पहुंचे शिवपाल यादव साथ में अन्‍य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बदायूं। बदायूं लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पहली बार जिले में आए शिवपाल यादव का कछला से लेकर उझानी तक कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शिवपाल ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए भाजपा की सरकार को नकारा बताया। साथ ही कहा कि पूरे देश में भाजपा को हराने के लिए जनता तैयार है। बदायूं में तो भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होगी।

उझानी के ज्ञान वेंकट हाल पहुंच कर शिवपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा के लोग बड़ी-बड़ी बातें करने में माहिर हैं। 80 सीट जीतने की बात कह रहे, लेकिन 80 सीट पर प्रत्याशी नहीं उतार पा रही। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग घमंड में हैं। वह जो चाहे कर रहे हैं, लेकिन जनता के हित में कोई काम नहीं किया। जो वादे किए सब खोखले निकले।

यह भी पढ़ें- सपा ने जारी की पांच उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट शिवपाल यादव को बदायूं से दिया टिकट

वहीं कांग्रेस के लोगों के स्वामी प्रसाद मौर्य से मिलने पर उनके इंडिया गठबंधन में शामिल होने के कयास पर शिवपाल बोले, वह कांग्रेस के साथ शामिल हो जाएं तो अच्छा है। इस दौरान चुनाव से ठीक पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी और आबिद रजा समेत अन्य नेताओं की नाराजगी पर शिवपाल ने कहा कि कोई नाराज नहीं रहेगा। अब हम आ गए हैं, सबको मना लेगें। सब चुनाव लड़ाएंगे। जरूरत पड़ी तो उनके घर भी जाएंगे।

इससे पहले शिवपाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज से बदायूं लोकसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क हेतु यात्रा पर हूं। मेरा इस क्षेत्र से दशकों पुराना आत्मीय रिश्ता है। मन में बदायूं से जुड़े ढेरों किस्से और यादें हैं। शकील बदायूनी साहब के शब्दों में…कैसे कह दूं कि मुलाकात नहीं होती है,।रोज मिलते हैं मगर बात नहीं होती है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा में शिवपाल का योगी को सीधा जवाब, अखिलेश के चाचा थे, हैं और रहेंगे